1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 9/11 आतंकी हमलों के गुप्त दस्तावेज हुए सार्वजनिक, सऊदी अरब को लेकर कही गई है बड़ी बात

9/11 आतंकी हमलों के गुप्त दस्तावेज हुए सार्वजनिक, सऊदी अरब को लेकर कही गई है बड़ी बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 12, 2021 09:57 am IST,  Updated : Sep 12, 2021 09:57 am IST

संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने 11 सितंबर 2001 में आतंकवादी हमलों के लिए विमान अपहरण करने वाले सऊदी अरब के दो लोगों को मिले साजोसामान संबंधी सहयोग से जुड़े 16 पृष्ठों का नया दस्तावेज जारी किया है।

9/11 आतंकी हमलों के गुप्त...- India TV Hindi
9/11 आतंकी हमलों के गुप्त दस्तावेज हुए सार्वजनिक, सऊदी अरब को लेकर कही गई है बड़ी बात Image Source : FILE PHOTO

वॉशिंगटन: संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने 11 सितंबर 2001 में आतंकवादी हमलों के लिए विमान अपहरण करने वाले सऊदी अरब के दो लोगों को मिले साजोसामान संबंधी सहयोग से जुड़े 16 पृष्ठों का नया दस्तावेज जारी किया है। दस्तावेजों में बताया गया है कि अपहरणकर्ता अमेरिका में सऊदी अरब के अपने साथियों के साथ संपर्क में थे लेकिन इसका कोई सबूत नहीं है कि इस साजिश में सऊदी अरब सरकार शामिल थी।

राष्ट्रपति जो बाइडेन के इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने के आदेश के बाद हमले की 20वीं बरसी पर शनिवार को ये दस्तावेज जारी किए गए ,वर्षों तक इन्हें गोपनीय रखा गया। हाल के हफ्तों में पीड़ितों के परिवारों ने बाइडेन पर दस्तावेज जारी करने का दबाव डाला है। वे लंबे समय से उन रिकॉर्ड्स को जारी करने की मांग कर रहे हैं जो न्यूयॉर्क में चल रहे उनके मुकदमे में मददगार साबित हो सकते हैं। उनका आरोप है कि सऊदी अरब के वरिष्ठ अधिकारियों की हमलों में मिलीभगत थी। सऊदी अरब सरकार किसी भी संलिप्तता से इनकार करती रही है।

वॉशिंगटन में सऊदी दूतावास ने बुधवार को कहा कि वह सभी दस्तावेज जारी करने का समर्थन करता है ताकि ‘‘हमेशा के लिए उसकी सरकार के खिलाफ निराधार आरोप खत्म हो जाए।’’ शनिवार को जारी दस्तावेज में 2015 में एक ऐसे व्यक्ति के साक्षात्कार की जानकारी दी गयी है जिसने अमेरिकी नागरिकता के लिए आवेदन दिया था और कई साल पहले सऊदी अरब के उन नागरिकों से बार-बार संपर्क किया था।

जांचकर्ताओं का कहना है कि इन्हीं नागरिकों ने अपहरणकर्ताओं को ‘‘अहम साजोसामान संबंधी सहयोग’’ दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश