1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. संयुक्त राष्ट्र में किसी महिला उम्मीदवार के महासचिव बनने की उम्मीद घटी

संयुक्त राष्ट्र में किसी महिला उम्मीदवार के महासचिव बनने की उम्मीद घटी

 Written By: India TV News Desk
 Published : Sep 10, 2016 02:32 pm IST,  Updated : Sep 10, 2016 02:32 pm IST

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव के पद के लिए अनौपचारिक मतदान के चौथे चरण में पुर्तगाल के पूर्व प्रधानमंत्री एंटोनियो गुटेरेस की अपनी बढ़त बरकरार रखने के साथ किसी महिला के पहली बार संयुक्त

UN - India TV Hindi
UN

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव के पद के लिए अनौपचारिक मतदान के चौथे चरण में पुर्तगाल के पूर्व प्रधानमंत्री एंटोनियो गुटेरेस की अपनी बढ़त बरकरार रखने के साथ किसी महिला के पहली बार संयुक्त राष्ट्र का नेतृत्व करने की उम्मीदें कम होती जा रही हैं। पंद्रह देशों की सदस्यता वाले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कल यहां चौथ चरण का मतदान कराया और गुटेरेस ने अपनी बढ़त जारी रखी। उनके पक्ष में 12, विपक्ष में दो मत गए और एक ने कोई रूख ना होने का मत दिया।

उल्लेखनीय है कि 29 अगस्त को हुए आखिरी मतदान में गुटेरेस के पक्ष में 11 और विपक्ष में तीन मत पड़े थे। दस साल तक संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त के तौर पर सेवा देने वाले गुटेरेस अनौपचारिक मतदान के पहले दो चरणों में सबसे आगे थे। स्लोवाकिया के विदेश मंत्री कल दूसरे स्थान पर रहे। उनके पक्ष में दस मत, विपक्ष में चार मत और एक बिना कोई रूख वाला मत पड़ा। उन्हें आखिरी चरण के मतदान में सबसे ज्यादा फायदा हुआ और वह दसवें से दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

सर्बिया के विदेश मंत्री वुक जेरेमिक तीसरे स्थान पर हैं। उनके बाद मेसेडोनिया के पूर्व विदेश मंत्री स्र्गयान करीम हैं। यूनेस्को की महानिदेशक इरिना बोकोवा पिछले चरण में तीसरे स्थान पर थीं और अब पांचवें स्थान पर फिसल गयीं। उनके बाद स्लोवेनिया के पूर्व राष्ट्रपति डेनिलो टर्क और अर्जेंटीना की विदेश मंत्री सुसाना मलकोरा हैं। दूसरी महिला उम्मीदवार निचले पायदानों पर हैं। न्यूजीलैंड की पूर्व प्रधानमंत्री हेलन क्लार्क आठवें, संयुक्त राष्ट्र के जलवायु संगठन की पूर्व प्रमुख कोस्टारिका की क्रिस्टियाना फिगरेस नौवें और मालदोवा की पूर्व विदेश मंत्री नतालिया घरमन दसवें स्थान पर हैं।

इस चरण में पहली बार पांच स्थायी सदस्यों को उनके वीटो का इस्तेमाल करने का अधिकार दिया गया था और एक ने नतालिया के विपक्ष में उसका इस्तेमाल किया। अगले चरण का मतदान 26 सितंबर को होगा। यह उच्च स्तरीय आम चर्चा के खत्म होने के बाद होगा जब दुनिया भर के देशों के प्रमुख संयुक्त राष्ट्र महासभा के 71वें सत्र के लिए यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में मिलेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश