वाशिंगटन: अमेरिका के वित्त मंत्री जैक लियु ने टेलीफोन पर ग्रीस के प्रधानमंत्री एलेक्सिस सिप्रास और नए वित्त मंत्री यूक्लिड साकोलोटोस से बातचीत की और उन्हें अंतर्राष्ट्रीय कर्जदाताओं से फिर से बातचीत शुरू करने की सलाह दी। यह जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर दी है। समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, अमेरिका ने ग्रीस को एक रचनात्मक समझौते पर पहुंचने के लिए कहा, ताकि ग्रीस कठिन लेकिन जरूरी वित्तीय तथा संरचनागत सुधार कर सके। लियु ने ग्रीस के नेताओं से कहा कि अमेरिका स्थिति पर नजर रखे हुए है और अगले कुछ दिनों तक उन्होंने ग्रीस के नेताओं के संपर्क में बने रहने की पेशकश की। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद ने भी ग्रीस संकट पर टेलीफोन पर बातचीत की है।
ह्वाइट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "जनमत संग्रह समाप्त हो गया है, लेकिन हमारी राय नहीं बदली है।" उन्होंने इसके साथ ही कहा कि ग्रीस को यूरोजोन में बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा, "इसके लिए राहत पैकेज और सुधार दोनों जरूरी होगा, जिससे ग्रीस की कर्ज वहनीयता भी बनी रहेगी और वह आर्थिक विकास के पथ पर भी बना रहेगा।" अर्नेस्ट ने साथ ही कहा कि सहमति पर पहुंचना सभी पक्षों के हित में है, लेकिन इस चुनौती से आखिरकार यूरोप को निपटना है। यूरोपीय नेता और खासकर जर्मनी और नीदरलैंड के नेता संरचना सुधार पैकेज के साथ ग्रीस को कर्ज राहत भी देने की अमेरिकी सलाह को मानने से कतरा रहे हैं।