1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका के न्यूजर्सी में हुई गोलीबारी में भारतीय मूल के छात्र की मौत

अमेरिका के न्यूजर्सी में हुई गोलीबारी में भारतीय मूल के छात्र की मौत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 12, 2016 01:16 pm IST,  Updated : Apr 12, 2016 01:16 pm IST

अमेरिका के न्यूजर्सी में मंगलवार को हुई गोलीबारी में 21 वर्षीय भारतीय मूल के एक छात्र की मौत हो गई।

america- India TV Hindi
america

न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूजर्सी में मंगलवार को हुई गोलीबारी में 21 वर्षीय भारतीय मूल के एक छात्र की मौत हो गई। इस गोलीबारी में अपार्टमेंट में उसके साथ एक ही कमरे में रहने वाला एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। यह गोलीबारी रटगर्स यूनिवर्सिटी के निकट छात्रों के अपार्टमेंट में हुई। एसेक्स काउंटी प्रोसिक्यूटर के कार्यालय की एक प्रवक्ता ने बताया कि यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र की पढ़ाई कर रहे शानी पटेल को नेवार्क में परिसर के बाहर बने एक अपार्टमेंट में रविवार को गोली मारी गई और उसकी मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि पटेल के साथ एक ही कमरे में रहने वाला एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है। द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार रटगर्स पुलिस विभाग ने बताया कि गोलीबारी बिना सोचे समझे नहीं की गई थी और परिसर पर कोई खतरा नहीं है। अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। एसेक्स काउंटी प्रोसिक्यूटर के कार्यालय और नेवार्क जन सुरक्षा निदेशक ने एक बयान में कहा कि अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं की गई है और किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच ‘‘सक्रिय एवं जारी’’ है। चांसलर नैंसी कैंटर ने रटगर्स यूनिवर्सिटी के नेवार्क समुदाय को पत्र लिखकर पटेल की मौत पर शोक व्यक्त किया है।

नैंसी ने कहा, ‘‘कानून प्रवर्तन अभी जांच कर रहा है और हम समझते हैं कि यह बिना सोचे समझे की गई गतिविधि नहीं थी जिसके कारण शानी की मौत हुई। किसी भी हालात में हमारे समुदाय के किसी सदस्य को खोना दुख की बात है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शानी के परिवार और छात्र, सहपाठी एवं मित्र के रूप में उसे जानने वाले हर व्यक्ति के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।’’ रटगर्स यूनिवर्सिटी ने नेवार्क समुदाय को जारी एक बयान में कहा कि गोलीबारी एक निजी आवास के भीतर हुई। दो हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए। ऐसा माना जा रहा है कि उनकी आयु 20 साल से अधिक थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश