1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 2020 में अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगी भारतीय मूल की कमला हैरिस!

2020 में अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगी भारतीय मूल की कमला हैरिस!

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 25, 2018 06:51 pm IST,  Updated : Jun 25, 2018 06:57 pm IST

मीडिया से बात करते हुए कमला ने 2020 में अमेरिका के सर्वोच्च पद के लिए चुनाव लड़ने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया...

Indian-origin senator Kamala Harris not ruling out 2020 White House ambition | AP- India TV Hindi
Indian-origin senator Kamala Harris not ruling out 2020 White House ambition | AP

वॉशिंगटन: भारतीय मूल की अमेरिकी सीनेटर कमला हैरिस 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ सकती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीडिया से बात करते हुए कमला ने 2020 में अमेरिका के सर्वोच्च पद के लिए चुनाव लड़ने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया। जमैका और भारत से अमेरिका आकर बसे दंपति की बेटी कमला (53) को डेमोक्रेटिक राजनीति का उभरता सितारा माना जाता है। गौरतलब है कि कमला हैरिस की मां श्यामला गोपालन तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई की रहने वाली थीं।

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की कमला हैरिस की महत्वाकांक्षा को लेकर अटकलें जोरों पर हैं और उन्हें 2020 राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से संभावितों की सूची में अक्सर शामिल किया जाता है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह 2020 में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी से इनकार कर रही हैं, कमला ने कहा, ‘मैं इससे इंकार नहीं करती।’ रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने राजनीतिक भविष्य के बारे में कमला ने पहली बार सबसे सीधी टिप्पणी की है। कमला को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का करीबी माना जाता है।

हैरिस का जन्म ऑकलैंड में हुआ था। उनकी मां चेन्नई से ऑकलैंड आई थीं और कैंसर स्पेशलिस्ट डॉक्टर थीं। हैरिस के पिता डोनल्ड हैरिस जमैकन मूल के अमेरिकी थे और स्टैनफर्ड यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर थे। कमला 2016 में सीनेटर बनी थीं और इससे पहले 2011 से कैलिफोर्निया के अटार्नी जनरल के पद पर काम कर रही थीं। उन्होंने हारवर्ड और कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई की है और इसके बाद वकालत करते हुए राजनीति की तरफ कदम बढ़ाया। कमला की छोटी बहन माया हिलेरी क्लिंटन के प्रचार अभियान की 3 प्रमुख सदस्यों में से एक थीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश