1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. हवाई हमलों में इस्लामिक स्टेट के 10 नेता ढेर: अमेरिका

हवाई हमलों में इस्लामिक स्टेट के 10 नेता ढेर: अमेरिका

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 30, 2015 09:55 am IST,  Updated : Dec 30, 2015 03:15 pm IST

अमेरिका और गठबंधन बलों के हवाई हमलों में गत महीने से अब तक इस्लामिक स्टेट के 10 नेता मारे जा चुके हैं जिनमें से कई का संबंध पेरिस में हुए हमलों या पश्चिम के खिलाफ अन्य साजिशें रचने से था।

isis- India TV Hindi
isis

वाशिंगटन: अमेरिका और गठबंधन बलों के हवाई हमलों में गत महीने से अब तक इस्लामिक स्टेट के 10 नेता मारे जा चुके हैं जिनमें से कई का संबंध पेरिस में हुए हमलों या पश्चिम के खिलाफ अन्य साजिशें रचने से था। इराक में एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अमेरिकी सेना के कर्नल स्टीव वारेन ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्य रूप से इराक और सीरिया में ड्रोन हमलों में आतंकवादी मारे गए। उन्होंने थोड़ी बहुत जानकारी मुहैया कराई और कहा कि मारे गए आतंकवादियों में से कम से कम दो ऐसे थे जिनका पेरिस हमलों से संबंध था। वारेन ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों में एक चैरेफ अल मौआदान था जो सीरिया में स्थित आईएस का एक सदस्य था और उसका पेरिस हमलों में शामिल अब्देल हामिद अबाउद से सीधा संबंध था।

उन्होंने बताया कि मौआदान गत गुरूवार को सीरिया में एक हवाई हमले में मारा गया था और वह पश्चिम के खिलाफ और हमले करने की साजिश रच रहा था। वारेन ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों में एक अन्य आतंकवादी अब्देल कादेर हाकिम था जो पश्चिमी देशों को निशाना बनाकर हमला करने की साजिश के प्रयासों में इस्लामिक स्टेट समूह का हिस्सा था और उसके पेरिस में हमला करने वाले नेटवर्क से संबंध थे। मारे गए 10 आतंकवादियों में अधिकतर मध्यम स्तर के नेता थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश