मेक्सिको सिटी: मेक्सिको निवासियों ने डोनॉल्टड ट्रम्प के साथ अभद्र तकरार में अपने पूर्व राष्ट्रपति विसेंटे फॉक्स का समर्थन किया है। फॉक्स ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने के प्रबल दावेदार ट्रम्प को पागल और झूठा मसीहा करार दिया था। ट्रम्प ने इसके जवाब में कहा था कि फॉक्स को इस प्रकार के अभद्र शब्दों के इस्तेमाल के लिए खुद पर शर्म आनी चाहिए। राजधानी की गलियों में लोगों, समाचार पत्रों और सोशल मीडिया ने ट्रम्प के साथ कल तकरार में आम तौर पर अलोकप्रिय माने जाने वाले पूर्व नेता फॉक्स का पक्ष लिया।
ट्रम्प ने अपने प्रचार अभियान में प्रवासियों के खिलाफ बयानबाजी करते हुए उन्हें ऐसे बलात्कारी बताया था जो अमेरिका में अपराध और नशा लेकर आते हैं। लोगों ने इस बात को भी तवज्जो नहीं दी कि यूनीविजन के जॉर्ज रामोस को दिए एक साक्षात्कार में फॉक्स ने इस बात पर जोर देने के लिए एक आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था कि उनका सीमा पर दीवार की ट्रंप की योजनाओं के लिए भुगतान करने का कोई इरादा नहीं है।
समाचार पत्र में स्तंभकार फ्रांसिस्को गारफियास ने एक्सेलसियर के लिए लिखा, अभद्रता विसेंते फॉक्स की आत्मा से निकली। उन्होंने पहले कभी इससे अच्छी बात नहीं की। उन्होंने पहले कभी इससे बेहतर किसी को निशाना नहीं बनाया। उन्होंने लिखा, दु:खद बात यह है कि मूर्खों की फौज हैं जो ट्रम्प के इस दावे में भरोसा करती है कि वह मेक्सिको को दीवार का भुगतान करने के लिए मजबूर कर सकते हैं। यदि मैं यह कहूं कि ट्रंप अपने देश के लिए शर्मिंदगी हैं तो यह अतिशयोक्ति नहीं होगी।
मीडिया ने मेक्सिको के बारे में अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव प्रचार में हो रही आपत्तिजनक बयानबाजी पर अमेरिका के उप राष्ट्रपति जो बाइडेन की माफी को दिन की सबसे बड़ी खबर के रूप में जगह दी जबकि ट्रंप-फॉक्स के बीच तकरार को दूसरी बड़ी खबर के रूप में स्थान मिला। ला जोर्नाडा में छपे एक कार्टून में ट्रंप का विचित्र चेहरा बनाकर उन्हें एक समाचार पत्र लहराते दिखाया गया है जिसमें फॉक्स के बयान छपे है। कार्टून में ट्रम्प को यह कहते दिखाया गया है, मैं सम्मान की मांग करता हूं। केवल मैं गलत तरीके से और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कर सकता हूं।