वाशिंगटन: अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के लिए संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें कांग्रेस को आतंकवाद के खिलाफ युद्ध घेाषित करने के वास्ते कहने में कोई समस्या नहीं होगी। अब तक के अपने भाषणों में ट्रंप ने अपनी छवि आतंकवाद के मुद्दे पर एक कठोर नेता की बनाई है।
आतंकवाद के खिलाफ युद्ध की घोषणा सबसे पहले करनी चाहिए
यह पूछे जाने पर कि क्या वह कांग्रेस को आतंकवाद के खिलाफ युद्ध घोषित करने के वास्ते कहने का समर्थन करेंगे, ट्रंप (69) ने कल फाक्स न्यूज से कहा, ऐसा करने में मुझे कोई परेशानी नहीं होगी, हमें यह संभवत: सबसे पहले करना चाहिए। यह ऐसे लोगों के खिलाफ लड़ाई है जो खतरनाक, हिंसक हैं एवं जिनके बारे में हमें यह नहीं पता कि वे कौन हैं और वे कहां से आते हैं।
सीरियाई शरणार्थियों के अमेरिका आने से ट्रंप खुश नहीं
ट्रंप ने कहा, हम वर्तमान में उनमें से हजारों को अपने देश में आने की इजाजत दे रहे हैं, इसलिए विदेशी धरती पर युद्ध शीर्ष पर है। इंतजार करिये और देखिये कि भविष्य में क्या होता है। यह संभवत: अच्छा होगा। इस बीच ट्रंप ने सीनेटर एवं सीनेट के विदेश संबंध समिति के अध्यक्ष बॉब कार्कर से न्यूयार्क में मुलाकात की। इससे इस अटकल को बल मिला कि वह उनके द्वारा उप राष्ट्रपति पद के लिए तलाश किये जाने वाले व्यक्तियों में शामिल हैं। कार्कर ने ऐसी खबरों का खंडन किया।