1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. सीरिया मामला : ओबामा और पुतिन में हुई बातचीत,असद को लेकर असहमति

सीरिया मामला : ओबामा और पुतिन में हुई बातचीत,असद को लेकर असहमति

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 29, 2015 05:03 pm IST,  Updated : Sep 29, 2015 05:03 pm IST

संयुक्त राष्ट्र : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके अमेरिकी समकक्ष बराक ओबामा सीरिया के संकट को लेकर आज मिले लेकिन भविष्य में बशर अल असद की भूमिका को लेकर आपसी विवाद का हल ढ़ूंढने

ओबामा और पुतिन में हुई...- India TV Hindi
ओबामा और पुतिन में हुई बातचीत,असद को लेकर असहमति

संयुक्त राष्ट्र : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके अमेरिकी समकक्ष बराक ओबामा सीरिया के संकट को लेकर आज मिले लेकिन भविष्य में बशर अल असद की भूमिका को लेकर आपसी विवाद का हल ढ़ूंढने में नाकाम रहे। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषणों में ओबामा ने सीरियाई नेता को बच्चों का हत्यारा तानाशाह बताया जबकि पुतिन ने कहा कि विश्व को इस्लामिक स्टेट समूह के खिलाफ असद का समर्थन करना चाहिए। रूसी नेता ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के सदस्यों से जिहादी समूह के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होने की अपील करते हुए चेताया कि वह असद के बलों के प्रति समर्थन तेज कर देंगे। उन्होंने हवाई हमलों की संभावना से भी इनकार नहीं किया। अमेरिकी और रूसी राष्ट्रपतियों ने अपने संबोधन के बाद संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून के साथ दोपहर के भोज के दौरान हाथ मिलाया।  दोनों नेता बाद में बातचीत के लिए मिले जो 90 मिनट तक चली। रूसी नेता ने बातचीत को रचनात्मक एवं पेशेवर बताया जबकि एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने इसे पूर्णत: पेशेवर बताया।

पुतिन इस बात से खुश थे कि ओबामा बहस में रूस की भूमिका पर सहमत हो गए और कहा, मेरे विचार से साझा समस्याओं को लेकर साथ में काम करने का एक आधार है। अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि दोनों नेता सीरिया में राजनीतिक बदलाव की प्रक्रिया पर सहमत हुए लेकिन वे असद की भूमिका पर मूल रूप से असहमत थे। अधिकारी ने कहा, मुझे लगता है कि रूस ने सीरिया में एक राजनीतिक हल तथा इसकी ओर बढ़ने की प्रक्रिया के होने के महत्व को निश्चित रूप से समझा। उन्होंने हालांकि कहा, प्रक्रिया के नतीजे को लेकर हमारे बीच मतभेद है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश