वाशिंगटन: पठानकोट में वायुसेना अड्डे पर आतंकी हमले को भारत की ओर से लंबे समय से झेले जा रहे अक्षम्य आतंकवाद की एक और मिसाल करार देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आज पाकिस्तान से कहा कि वह अपनी सीमा से आतंकी गतिविधियां संचालित करने वाले नेटवर्कों को अवैध ठहराए, बाधित करे और तबाह करे।
इस्लामाबाद को दिए कड़े संदेश में ओबामा ने कहा कि पाकिस्तान अपनी सरजमीं पर सक्रिय आतंकी समूहों के खिलाफ अधिक प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सकता है तथा उसे अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षित शरणस्थलियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और आतंकवादियों को न्याय के जद में लाना चाहिए।
ओबामा ने कहा कि पाकिस्तान के पास यह दिखाने का मौका है कि वह आतंकवादी नेटवर्कों को अवैध ठहराने, बाधित करने और तबाह करने को लेकर गंभीर है। ओबामा ने पठानकोट में वायुसेना अड्डे पर आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ से संपर्क साधने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की।
उन्होंने कहा कि दोनों नेता इस दिशा में बातचीत को बढ़ा रहे हैं कि क्षेत्र में हिंसक चरपमंथ और आतंकवाद का मुकाबला कैसे करना है।