वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा पिछले साल अपनी भारत यात्रा के दौरान ताज महल की यात्रा पर नहीं जा पाने के कारण निराश थे। व्हाइट हाउस ने इस बात की जानकारी दी है। व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट ने कल संवाददाताओं से कहा, पिछले साल अपनी भारत यात्रा के दौरान ताज महल की यात्रा का मौका नहीं मिल पाने के कारण राष्ट्रपति ओबामा काफी निराश थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर ओबामा पिछले साल जनवरी में नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेने भारत यात्रा पर गए थे।
इसे भी पढ़े:- अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करेंगे मोदी, ऐसा करने वाले 5वें पीएम होंगे
ओबामा और अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा की आगरा की यात्रा तय थी लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति ने सउदी अरब के शाह अब्दुल्ला के निधन हो जाने के कारण अपनी भारत यात्रा में कटौती करके शाही परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताने के लिए वहां जाने का फैसला किया।
अर्नेस्ट ने कहा, कि वह ताज यात्रा कार्यक्रम का शुरूआत में हिस्सा था, लेकिन राष्ट्रपति ओबामा को सउदी अरब के शाह के असामयिक निधन के कारण अपनी भारत यात्रा में कटौती करनी पड़ी। इसलिए ओबामा अपनी संवेदना जताने के लिए सउदी अरब की यात्रा पर गए।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव ने संकेत दिए कि 20 जनवरी को ओबामा का राष्ट्रपति के रूप में कार्यकाल खत्म होने से पहले उनकी ताज महल देखने की इच्छा पूरी नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ओबामा की इच्छा है कि उन्हें कार्यकाल खत्म होने से पहले ताज महल की यात्रा का मौका मिल पाता। हालांकि, मैं इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हूं कि यह संभव हो पाएगा।