1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. पत्रकारों के साथ डिनर में ओबामा ने ट्रंप की जमकर उड़ाई खिल्ली

पत्रकारों के साथ डिनर में ओबामा ने ट्रंप की जमकर उड़ाई खिल्ली

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 02, 2016 04:03 pm IST,  Updated : May 02, 2016 04:04 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस में सभी पत्रकारों को अपने आखिरी रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया।

barack obama- India TV Hindi
barack obama

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस में सभी पत्रकारों को अपने आखिरी रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान ओबामा बड़े ही मजाकिया अंदाज में नजर आए। उन्होंने अपना मजाक बनाने के साथ-साथ रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प पर भी मजाकिया टिप्पणियां कीं।  

इस रात्रिभोज में ओबाम ने डेमोक्रेट से लेकर रिपब्लिकन तक और मीडिया से लेकर अपने संभावित उत्तराधिकारियों तक सब पर व्यंग्य किए। उन्होंने सबसे ज्यादा कटाक्ष ट्रंप पर किया। ओबामा ने कहा, ‘रिपब्लिकन की व्यवस्था इतनी शक्की है कि वह (ट्रंप) उनके संभावित उम्मीदवार हैं।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘वे कहते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप में राष्ट्रपति बनने के लिए विदेश नीति का अनुभव नहीं है। परंतु हकीकत में उन्होंने दुनिया भर के कई नेताओं से मुलाकात की है। चाहे वो मिस स्वीडन हों, मिस अर्जेंटीना हो, मिस अजरबैजान हों।’

ओबामा ने अपने पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री रहीं हिलेरी क्लिंटन पर गोल्डमैन शैक में दिए उनके भाषण को लेकर मजाक बनाया। इस भाषण के लिए हिलेरी को अच्छी-खासी रकम मिली थी। उन्होंने कहा, ‘हम सब यहां मेरे आठवें और और आखिरी संबोधन के लिए एकत्र हुए हैं और मैं उत्साहित हूं। अगर यहां सब कुछ अच्छा हो जाता है तो मेरा इस्तेमाल गोल्डमैन शैक के लिए होगा।’

ओबामा के इस रात्रिभोज में भारतीय फिल्म जगत की नामचीन अदाकारा प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड की कई हस्तियों ने शिरकत की। इस भोज में ट्रंप और उनके दो रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वियों जॉन कैसिक और टेड क्रूज ने शिकरत नहीं की। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उम्मीदवारी की दौड़ में सबसे आगे चल रही हिलेरी भी ओबामा के इस भोज में नहीं पहुंच सकीं। एक शानदार वक्ता की पहचान रखने वाले ओबामा ने 30 मिनट से अधिक के अपने भाषण में बड़े ही खूबसूरत अंदाज में अपनी बातें रखीं।

ओबामा ने हिलेरी की उम्मीदवारी का वस्तुत: समर्थन करते हुए एक बार उनको ‘आंटी हिलेरी’ करार दिया और कहा, ‘अगले साल यहां कोई और होगा। अंदाजा लगाईए कि वह कौन होंगी?’ अपने चुटीले अंदाज में ओबामा ने पत्रकारों पर भी व्यंग्य किए। उन्होंने कहा, ‘मैं डोनाल्ड पर बहुत अधिक समय खर्च नहीं करना चाहता। मैं कुछ संयम दिखाने जा रहा हूं क्योंकि मुझे लगता है कि हम सब इस पर सहमत हो सकते हैं कि उनको (ट्रंप) को बहुत अधिक कवरेज मिली है। आप लोगों (पत्रकारों) को खुद पर गर्व करना चाहिए।’

अपने संबोधन के बीच ओबामा थोड़ा गंभीर भी हो गए। उन्होंने कहा, ‘मैं थोड़ा आहत हूं कि वह (ट्रंप) यहां नहीं हैं। पिछली बार हमने खूब मजे किए थे। यह हैरान कर देने वाला है। यहां पत्रकार, नामचीन हस्तियां, कैमरे सब हैं और उन्होंने ना कह दिया। क्या भोजन डोनाल्ड के लिए लजीज नहीं है? अब भला वो क्या कर रहे होंगे? घर बैठकर ‘ट्रंप स्टीक’ खा रहे होंगे और एंजेला मर्केल को अपमानित करने वाले ट्वीट कर रहे होंगे?'

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश