
मैं ये सब चीजें आपको पूरी तरह संतुष्ट हो जाने के लिए नहीं बता रहा हूं। हमारे पास कई बड़ी समस्याएं हैं, जिन्हें सुलझाया जाना है। उन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, देखिए, एक राष्ट्रपति के रूप में मेरी पहली जिम्मेदारी हमेशा से अमेरिका की सुरक्षा और समृद्धि है। और नागरिकों के रूप में, हम सभी अपने देश को पहले स्थान पर रखते हैं। लेकिन पिछले दो दशकों ने हमें यदि कुछ सिखाया है तो वह यह है कि सबसे बड़ी चुनौतियों का सामना हम अलग-थलग रहकर नहीं कर सकते।
ओबामा ने कहा, जब बाहरी देशों का विघटन शुरू हो जाता है तो वे आतंकियों और विनाशवाद और निराशा के पनपने का ठिकाना बन जाते हैं। यह अंतत: हमारे किनारों तक पहुंचता है। जब विकासशील देशों के पास सक्रिय स्वास्थ्य तंत्र नहीं होता तो जीका या इबोला जैसी महामारियां फैल सकती हैं और अमेरिका को भी संकट में डाल सकती हैं।
ओबामा ने कहा, कि दीवार बनाने से न तो रोजगारों का सृजन होगा और न ही अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी। उन्होंने इस धारणा को भी चुनौती दी कि मुस्लिमों का अमेरिका में प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा। ट्रंप ने दिसंबर में कुछ ऐसा ही प्रस्ताव दिया था।
अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति ने कहा, मुस्लिमों को अलग-थलग कर देने से या उनकी उपेक्षा करने से, इस देश में उनके आने पर उनके साथ अलग ढंग से व्यवहार करने का सुझाव देने से हमारे मूल्यों के साथ विश्वासघात होगा। यह हमारे अस्तित्व के साथ तो विश्वासघात होगा ही, यह देश और विदेश के उन समुदायों को विमुख कर देगा, जो चरमपंथ के खिलाफ लड़ाई में हमारे सबसे अहम सहयोगी हैं।