वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कैलिफोर्निया के सान बर्नार्डिनो गोलीबारी कांड को आतंकवादी घटना करार देते हुए चेतावनी दी कि आतंकवाद नए चरण में प्रवेश कर गया है। ओबामा ने रविवार को देश के नाम अपने संबोधन में कहा, "यह एक आतंकवादी घटना थी, जिसका उद्देश्य निर्दोष लोगों की जान लेना था। यह स्पष्ट है कि दोनों हमलावर कट्टरपंथी थे।"
ओबामा का यह संबोधन देश पर आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) द्वारा और हमले की संभावनाओं के बीच आया। ओबामा ने देशवासियों से कहा कि बुधवार को कैलिफोर्निया के सामाजिक सेवा केंद्र में हुए हमले के बाद उनका डर वाजिब है।
ओबामा ने कहा, "पिछले कुछ साल में आतंकवादी हमलों में वृद्धि हुई है। हम 9/11 जैसे हमलों को जितने बेहतर तरीके से रोकने की कोशिश कर रहे हैं उतने ही बड़े पैमाने पर सामूहिक गोलीबारी जैसी घटनाएं हमारे समाज में आम हो गई हैं।"
गौरतलब है कि कैलिफोर्निया के सान बर्नार्डिनो में दो हमलावरों सैयद फारुक (28) और तशफीन मलिक (27) ने गोलीबारी की थी, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी और 21 लोग घायल हो गए थे। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, यह हमला एक सोची-समझी साजिश थी। हालांकि, अभी तक गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चला है।