1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'पाकिस्तान के खिलाफ जिहाद छेड़ना चाहता था ओसामा बिन लादेन'

'पाकिस्तान के खिलाफ जिहाद छेड़ना चाहता था ओसामा बिन लादेन'

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 03, 2016 08:42 am IST,  Updated : Mar 03, 2016 08:42 am IST

ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान के खिलाफ जिहाद छेड़ने की योजना बना रहा था और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वह भारत और पाकिस्तान के बीच के तनाव का इस्तेमाल करना चाहता था।

osama bin laden- India TV Hindi
osama bin laden

वाशिंगटन: ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान के खिलाफ जिहाद छेड़ने की योजना बना रहा था और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वह भारत और पाकिस्तान के बीच के तनाव का इस्तेमाल करना चाहता था।

अमेरिकी कमांडरों द्वारा एबटाबाद स्थित उसके ठिकाने पर की गई छापेमारी के दौरान बरामद 42 पन्नों के एक बुकलेट में अल कायदा नेता द्वारा तैयार किया गया विस्तृत खाका है, जिसमें यह अंकित है कि कब और कैसे पाकिस्तान में जिहाद की शुरुआत करनी थी और देश में इस्लामी शासन स्थापित करना था। यह बुकलेट मूल रूप से अरबी में है। अमेरिकी कमांडरों की इसी छापेमारी के दौरान ओसामा को मार गिराया गया था।

राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी किए गए बुकलेट में ओसामा ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान को बांटने की अमेरिका की व्यापक योजना के तहत भारत पाकिस्तान पर हमले की योजना बना रहा था। 'पाकिस्तान में जिहाद' शीषर्क के बुकलेट में 'पाकिस्तान पर हमले की भारत की योजना' शीषर्क का एक अध्याय है।

इस बुकलेट में ओसामा ने भारत द्वारा 134 लड़ाकू विमान की खरीद की निविदा को विश्व इतिहास का सबसे बड़ा सैन्य समझौता करार दिया था। इस सिलसिले में बुकलेट में पाकिस्तानी सीमा के निकट सियाचिन के उच्चतम मोर्चे पर ब्रिटेन के साथ भारत के सैन्य अभ्यास और अमेरिका और भारत के बीच परमाणु सहयोग का जिक्र है। बुकलेट में पाकिस्तान की जासूसी करने के लिए इस्राइली उपग्रह को भारत द्वारा लांच किये जाने और सैन्य ताकत में इजाफा की कथित घोषणा का जिक्र भी किया गया है।

पाकिस्तान के खिलाफ जिहाद छेड़ने के लिए ओसामा की चार प्रस्तावित कार्य योजनाएं थी, जिसमें भारतीय सीमा पर तैनात पाकिस्तानी सैनिकों पर हमले की योजना शामिल थी। इसके बाद उसकी निगाहें पूरे दक्षिण एशिया क्षेत्र पर थी, जिसके बारे में उसका तर्क था कि यह पूरा क्षेत्र वास्तव में एक देश था, जिसका विभाजन ब्रिटिश औपनिवेशिक शासकों ने कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश