1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. आतंकवादियों के खिलाफ कदम नहीं उठाने पर पाकिस्तान अलग-थलग बना रहेगा: एमी बेरा

आतंकवादियों के खिलाफ कदम नहीं उठाने पर पाकिस्तान अलग-थलग बना रहेगा: एमी बेरा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 09, 2019 09:04 am IST,  Updated : Mar 09, 2019 09:04 am IST

अमेरिका में कांग्रेस के प्रभावशाली भारतीय-अमेरिकी सदस्य एमी बेरा ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि यदि वह अपने देश में मौजूद आतंकवादी समूहों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग ही बना रहेगा।

Ami Bera- India TV Hindi
Ami Bera

वॉशिंगटन: अमेरिका में कांग्रेस के प्रभावशाली भारतीय-अमेरिकी सदस्य एमी बेरा ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि यदि वह अपने देश में मौजूद आतंकवादी समूहों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग ही बना रहेगा। ‘हाउस फोरन अफेयर्स सबकमेटी ऑन ओवरसाइट एंड इन्वेस्टिगेशन’ के अध्यक्ष बेरा ने एक संपादकीय में लिखा, ‘‘ यदि (पाकिस्तान के) प्रधानमंत्री इमरान खान आतंकवादी समूहों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हैं तो अमेरिकी कांग्रेस उसका साथ देने के लिए खड़ी है। इससे उनके देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। ’’ 

बेरा ने ‘टाइम फॉर पाकिस्तान टू चार्ट ए न्यू कोर्स’ शीर्षक के तहत लिखा कि पाकिस्तान ने भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन वर्धमान को भारत को सौंपकर सही कदम उठाया। उन्होंने कहा,‘‘इससे खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका तनाव कम हुआ लेकिन अब भी और कदम उठाने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री इमरान खान को इस अवसर का उपयोग दुनिया के साथ अपने देश के संबंधों को सुधारने और पाकिस्तान के लिए एक नया मार्ग तैयार करने के लिए करना चाहिए।’’ 

बेरा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री खान (जैश-ए-मोहम्मद के सरगना) मसूद अजहर को न्याय के दायरे में लाकर पाकिस्तान की छवि बेहतर बना सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो ‘‘ मुझे डर है कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग बना रहेगा जिससे पाकिस्तानी लोगों के लिए आर्थिक मुश्किलें बढ़ेंगी।’’ बेरा ने कहा, ‘‘मैं चीन से भी अपील करता हूं कि वह भारत और पाकिस्तान के संबंधों में रचनात्मक भूमिका निभाए। चीन की ओर से पहला सही कदम यह होगा कि वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने के मार्ग को बाधित करना बंद करे।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश