1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान की चेतावनी, लोग दहशत में, उड़ानें रद्द

अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान की चेतावनी, लोग दहशत में, उड़ानें रद्द

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 22, 2016 12:45 pm IST,  Updated : Jan 22, 2016 12:45 pm IST

अमेरिका के पूर्वी हिस्से में बर्फीला तूफान आने का पूर्वानुमान जताए जाने के बाद से लोग दहशत में हैं, उड़ानों को रद्द किया जा रहा है और वॉशिंगटन की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को भी बंद किया जा सकता है।

america- India TV Hindi
america

वॉशिंगटन: अमेरिका के पूर्वी हिस्से में बर्फीला तूफान आने का पूर्वानुमान जताए जाने के बाद से लोग दहशत में हैं, उड़ानों को रद्द किया जा रहा है और वॉशिंगटन की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को भी बंद किया जा सकता है। मौसम विशेषग्यों ने बताया कि अमेरिकी राजधानी और आसपास के इलाकों में आज से कल तक कम से कम 60 सेंटीमीटर बर्फ जम सकती है और तेज हवाओं के साथ अंधड़ भी चलेगा। अधिकारियों ने चेताया है कि करीब आधी सदी में वाशिंगटन ने जितनी बर्फ नहीं देखी होगी, उतनी बर्फ गिर सकती है। अधिकारियों ने घोषणा की है कि वह असामान्य कदम के तहत शहर की रेल एवं बस प्रणाली को आज रात से सोमवार की सुबह तक बंद कर देंगे।

अमेरिका में न्यूयार्क के बाद सर्वाधिक व्यस्त मेट्रो प्रणाली से वाशिंगटन, मेरीलैंड और वर्जीनिया में हर दिन करीब 7,00,000 यात्री यात्रा करते हैं। वॉशिंगटन पोस्ट की खबर में बताया गया है कि मेट्रो प्रणाली के 40 साल से अधिक के इतिहास में इसके बंद रहने का शायद यह सर्वाधिक लंबा समय होगा। वेदर चैनल के अनुसार, कम से कम 15 राज्यों मंे भारी बर्फबारी हो सकती है तथा अन्य इलाकों में बाढ़ आ सकती है। वॉशिंगटन के लिए बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी करते हुए नेशनल वेदर सर्विस :एनडब्ल्यूएस: ने कहा है कि न्यूयार्क में सप्ताह के अंत तक इस तूफान का कहर टूटेगा और तब तक तूफान गुजरने की स्थिति में भी होगा।

एनडब्ल्यूएस ने चेतावनी दी है भारी हिमपात होने और बर्फ उड़ने के कारण खतरनाक स्थिति होगी और जान माल को खतरा भी होगा। एजेंसी के अनुसार, शुक्रवार की रात और शनिवार को तूफान चरम पर होगा और उस दौरान उम्मीद है कि लोग बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करेंगे। एनडब्ल्यूएस के निदेशक लुई उसेलिनी ने कहा कि यह तूफान बहुत ही खतरनाक रूप ले सकता है जिससे पांच करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हो सकते हैं।

अमेरिकन एयरलाइन्स ने कहा है कि वह वॉशिंगटन के दो हवाईअड्डों पर कल से उड़ानंे रद्द कर रहा है और अपनी सैकड़ों उड़ानें भी निरस्त कर रहा है। एक प्रवक्ता ने बताया कि कल बाल्टीमोर और फिलाडेल्फिया में भी सभी उड़ानें रद्द की जा रही हैं। सेवाओं को आज कम किया जाएगा। इनके रविवार से बहाल होने की संभावना है। यूनाइटेड एयरलाइन्स ने घोषणा की है कि वह वाशिंगटन के डलास और अन्य मिड अटलांटिक हवाईअड्डों पर आज दोपहर से ही अपने विमानों की आवाजाही रोक देगी। वॉशिंगटन की मेयर मरियम ऑजेर ने इमर्जेन्सी की घोषणा की और आज स्कूलों को बंद करा दिया। उन्होंने कहा मेरे जीवन का ज्यादातर समय डीसी में गुजरा है किन्तु याद नहीं है कि पहले कभी इस तरह का मौसम पूर्वानुमान सुना हो। यह अत्यंत भीषण तूफान है। समीपवर्ती वर्जीनिया और मेरीलैंड में भी इमर्जेन्सी की घोषणा की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश