1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 200 दिन बाद SpaceX के कैप्सूल में पृथ्वी पर लौटे 4 अंतरिक्ष यात्री, पहनना पड़ा था डायपर

200 दिन बाद SpaceX के कैप्सूल में पृथ्वी पर लौटे 4 अंतरिक्ष यात्री, पहनना पड़ा था डायपर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 09, 2021 11:59 am IST,  Updated : Nov 09, 2021 11:59 am IST

नासा के अंतरिक्ष यात्री शेन किमबरॉ और मेगन मैकआर्थर, जापान के अकिहितो होशिदे और फ्रांस के थॉमस पेस्कवेट को सोमवार सुबह वापस लौटना था लेकिन तेज हवाओं के कारण उनकी वापसी में देरी हुई।

Spacex Capsule, Spacex, Spacex Capsule 4 Astronauts, Spacex 4 Astronauts- India TV Hindi
200 दिन अंतरिक्ष केंद्र में बिताने के बाद 4 अंतरिक्ष यात्री Spacex कैप्सूल से सोमवार को पृथ्वी पर उतरे। Image Source : TWITTER.COM/NASA

केप केनवरल: 200 दिन अंतरिक्ष केंद्र में बिताने के बाद 4 अंतरिक्ष यात्री Spacex कैप्सूल से सोमवार को पृथ्वी पर उतरे। उनका कैप्सूल रात के अंधेरे में फ्लोरिडा के पेन्साकोला तट पर मेक्सिको की खाड़ी में उतरा। वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र से रवाना होने के महज 8 घंटे बाद पृथ्वी पर पहुंचे, जिससे उनके स्थान पर 4 अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के बुधवार रात तक स्पेसएक्स से अंतरिक्ष केंद्र के लिए रवाना होने का रास्ता साफ हो गया है। इन चारों अंतरिक्ष यात्रियों को पहले ही रवाना करना था, लेकिन खराब मौसम और एक अंतरिक्ष यात्री की अज्ञात चिकित्सा स्थिति के कारण इसमें देरी हुई।

अंतरिक्ष यात्रियों को पहनना पड़ा था डायपर

नासा के अंतरिक्ष यात्री शेन किमबरॉ और मेगन मैकआर्थर, जापान के अकिहितो होशिदे और फ्रांस के थॉमस पेस्कवेट को सोमवार सुबह वापस लौटना था लेकिन तेज हवाओं के कारण उनकी वापसी में देरी हुई। अंतरिक्ष केंद्र से नासा के अंतरिक्ष यात्री मार्क वेंदे हेइ ने अपने साथी अंतरिक्ष यात्रियों को विदाई दी और मैकऑर्थर से कहा, ‘मैं पास के मॉड्यूल से आपके ठहाकों की आवाज सुनने की कमी महसूस करूंगा।’ इन चारों अंतरिक्ष यात्रियों के पृथ्वी पर लौटने की राह आसान नहीं रही। उनके कैप्सूल में शौचालय टूट गया था और उन्हें घर वापसी की 8 घंटे की यात्रा के दौरान डायपर पहनना पड़ा।


फरवरी 2022 में अंतरिक्ष जाएंगे 3 कारोबारी
इससे पहले अप्रैल में रवाना होने के तुरंत बाद मिशन कंट्रोल ने अंतरिक्ष में कचरे के एक टुकड़े के उनके कैप्सूल से टकराने को लेकर आगाह किया था लेकिन बाद में यह गलत चेतावनी निकली। अंतरिक्ष केंद्र में जाने वाला अगला दल वहां 6 महीने तक रहेगा। जापान के एक उद्योगपति और उनके निजी सहायक दिसंबर में रूस की अंतरिक्ष एजेंसी से रवाना होंगे। इसके बाद SpaceX से फरवरी 2022 में 3 कारोबारी अंतरिक्ष में जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश