1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. आखिर क्यों ट्रंप ने असद को कहा ''जानवर'', भारी कीमत चुकाने की दी चेतावनी

आखिर क्यों ट्रंप ने असद को कहा ''जानवर'', भारी कीमत चुकाने की दी चेतावनी

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Apr 09, 2018 03:26 pm IST,  Updated : Apr 09, 2018 03:26 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद को हिंसा प्रभावित एक सीरियाई शहर में किए गए एक रसायनिक हमले को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि इसकी ‘भारी कीमत चुकानी पड़ेगी’।

donald trump- India TV Hindi
donald trump

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद को हिंसा प्रभावित एक सीरियाई शहर में किए गए एक रसायनिक हमले को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि इसकी ‘भारी कीमत चुकानी पड़ेगी’। दरअसल, वहां दर्जनों सीरियाई मारे गए हैं। ट्रंप ने असद को एक ‘जानवर’ भी कहा और उनका समर्थन करने के लिए रूस एवं ईरान को जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप ने रविवार को सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘सीरिया में रसायनिक हमले में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोग मारे गए हैं। हमला स्थल को सीरियाई सेना ने घेर लिया और वहां बाहरी दुनिया की पहुंच पूरी तरह से रोक दी है।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने असद शासन का समर्थन करने को लेकर अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन और ईरान को चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘राष्ट्रपति पुतिन, रूस और ईरान ‘जानवर असद’ का समर्थन करने के लिए जिम्मेदार हैं।’’ (ट्रंप से मीटिंग के पीछे किम की 'महाविनाश' की तैयारी, बुश के पूर्व सलाहकार ने चेताया )

उन्होंने कहा कि यदि (पूर्व) राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चाहा होता तो सीरियाई त्रासदी काफी समय पहले ही खत्म हो गई होती। उन्होंने ट्वीट किया, ‘जानवर असद इतिहास बन गया होता। ’ ब्रिटेन आधारित निगरानी संस्था सीरियन आब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट के मुताबिक पूर्वी घोउटा के विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके में सीरियाई शासन के ताजा हवाई हमलों में कल से कम से कम 80 लोग मारे गए हैं।

वहीं, सीरिया की सरकारी मीडिया और सीरियाई शासन के सहयोगी रूस ने रसायनिक हथियारों के इस्तेमाल के दावों की निंदा करते हुए इसे मनगढंत बताया। इस बीच, शीर्ष अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा कि सीरियाई रसायनिक हमला ट्रंप के लिए एक निर्णायक घड़ी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश