1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले बायडेन को लिखी चिट्ठी

डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले बायडेन को लिखी चिट्ठी

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 21, 2021 12:48 pm IST,  Updated : Jan 21, 2021 12:48 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले ‘‘ओवल ऑफिस’’ में उनके लिए ‘‘बेहद उदार’’ पत्र छोड़ा है। 

डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले बायडेन को लिखी चिट्ठी- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले बायडेन को लिखी चिट्ठी Image Source : FILE

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बायडेन ने कहा है कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले ‘‘ओवल ऑफिस’’ में उनके लिए ‘‘बेहद उदार’’ पत्र छोड़ा है। ऐसी परंपरा है कि निवर्तमान राष्ट्रपति ओवल ऑफिस में नए राष्ट्रपति के लिए रिजॉल्यूट डेस्क पर पत्र छोड़ते हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ने अपने कार्यकाल के अंत तक कई स्थापित परंपराओं को तोड़ा था, इसलिए बुधवार तक इस पर अनिश्चितता थी की क्या वह राष्ट्रपति कार्यालय में अपने उत्तराधिकारी जो बाइडन के लिए पत्र छोड़ने की परंपरा को निभाएंगे। 

ट्रंप ने बाइडन की जीत पर औपचारिक रूप से उन्हें बधाई भी नहीं दी थी। राष्ट्रपति जो बाइडन ने बुधवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा, ‘‘ट्रंप ने ‘‘बहुत उदार’’ पत्र लिखा है। चूंकि यह बेहद निजी है इसलिए जब तक मैं उनसे बात नहीं कर लूं तब तक इस बारे में बात नहीं कर सकता। लेकिन यह बहुत उदार है।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि वह ट्रंप से बात करने की सोच रहे हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने बुधवार को अपने पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बाइडन ओवल ऑफिस में जब पत्र पढ़ रहे थे, उस वक्त वह वहीं थीं। हालांकि साकी ने भी पत्र को बेहद ‘‘निजी’’ बताते हुए इस संबंध में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया। 

उन्होंने कहा, ‘‘बाइडन इस बारे में आप सभी को बता चुके हैं।’’ साकी ने कहा, ‘‘पत्र में बहुत उदार और भली बातें लिखी गयी हैं। पत्र को बिना ट्रंप की सहमति के जारी नहीं करना यह उनके (बाइडन के) विचार को दर्शाता है लेकिन इससे यह संकेत नहीं मिलता कि वह पूर्व राष्ट्रपति को फोन करने वाले हैं।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश