संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने कहा कि विश्व संस्था की एजेंसियां पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान में सरकार नीत राहत अभियानों में सहायता करने के लिए तैयार हैं। क्षेत्र में शक्तिशाली भूकंप आने के बाद 200 लोगों की मौत पर उन्होंने दुख भी जाहिर किया। बान की मून के एक प्रवक्ता ने यहां जारी एक बयान में कहा कि महासचिव ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सरकारों और लोगों को अपनी संवेदनाएं भेजी हैं जिन्होंने अपने परिवार के सदस्यों और मित्रों को खोया है। साथ ही में, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
बयान में कहा गया कि संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियां मदद का अनुरोध किये जाने पर दोनों देशों के सरकारों की अगुवाई में चल रहे राहत अभियान को सहायता देने के लिए तैयार है। दैनिक संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता स्टीफेन दुराजिक ने कहा कि अब तक अफगानिस्तान के पूरे उत्तर पूर्वी हिस्से और काबुल में नुकसान की खबर है। फोन सेवाओं के अभाव की वजह से सरकार और संयुक्त राष्ट्र दोनों के लिए काम में बाधा आई है। दुजारिक ने कहा कि राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर पर अफगान का आपदा प्रतिक्रिया तंत्र जुट गया है और अगर उन्हें मदद के लिए अनुरोध किया जाता है तो संयुक्त राष्ट्र उन्हें सहायता मुहैया कराने के लिए तैयार है।