संयुक्त राष्ट्र (अमेरिका): यमन के लिए संयुक्त राष्ट्र के दूत ने हुती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर सभी हमले रोकने के फैसले का शनिवार को स्वागत किया। उनका कहना है कि इससे वर्षों का खूनी संघर्ष खत्म हो सकता है। यमन के विशेष दूत मार्टिन ग्रिफीथ्स ने कहा कि हुती की ओर से किए गए प्रयास का लागू होना इस युद्ध को खत्म करने लिए मजबूत संदेश देगा।
Related Stories
ईरान समर्थित हुती विद्रोहियों का पिछले पांच साल से सऊदी अरब गठबंधन के साथ युद्ध चल रहा है। सऊदी अरब गठबंधन देश की अंतरराष्ट्रीय रूप से मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में है। हुती का देश की राजधानी सना और यमन के अन्य हिस्सों पर कब्जा है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान में ग्रिफीथ्स ने ‘संघर्ष खत्म करने के लिए एक राजनीतिक समाधान की इच्छा’ की प्रशंसा की है।
शुक्रवार को यमन के हुती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर अपने सभी हमले रोकने की घोषणा की थी। हालांकि सऊदी अरब के विदेश मंत्री अदेल-अल-जुबैर ने इस पर शनिवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘ हम दूसरे पक्षों को उनके कार्य, कदम से देखते हैं न कि उनके शब्दों से। इसलिए हम देखेंगे कि वह ऐसा वास्तव में करेंगे या नहीं।’’
ग्रिफीथ्स ने इस बात पर जोर दिया कि इस अवसर का लाभ हिंसा कम करने के लिए किया जा सकता है। दरअसल सऊदी के तेल संयंत्रों पर पिछले सप्ताह किए गए हवाई हमलों के बाद हुती ने यह घोषणा की है। हुती ने ही उन हमलों की जिम्मेदारी ली थी।