1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका की इस ‘क्रूर नीति’ के खिलाफ खड़ी हुईं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया

अमेरिका की इस ‘क्रूर नीति’ के खिलाफ खड़ी हुईं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 18, 2018 05:42 pm IST,  Updated : Jun 18, 2018 05:42 pm IST

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस स्थिति के लिए बार-बार डेमोक्रेट्स को जिम्मेदार ठहराया है। इस नीति की बड़े स्तर पर निंदा की जा रही है...

United States: Melania Trump 'hates' to see families separated at border | AP- India TV Hindi
United States: Melania Trump 'hates' to see families separated at border | AP

वॉशिंगटन: अमेरिका  की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने मेक्सिको सीमा से अवैध रूप से देश में प्रवेश करने वाले माता-पिता को उनके बच्चों से अलग करने वाली सरकार की नीति के खिलाफ आवाज उठाई है। मेलानिया की प्रवक्ता स्टेफनी ग्रिशम ने रविवार रात जारी बयान में कहा, ‘मेलानिया ट्रंप ने कहा कि वह बच्चों को अपने परिवारों से अलग होते देखना पसंद नहीं करती और उन्हें उम्मीद है कि सदन में दोनों पक्ष एकजुट होकर आव्रजन कानून में सुधार करें।’

उन्होंने कहा, ‘मेलानिया मानती हैं कि हमें ऐसा देश बनने की जरूरत है जो सभी कानूनों का पालन करे लेकिन साथ में एक ऐसा देश भी बनना होगा, जो दिल से काम करे।’ आपको बता दें कि अवैध रूप से सीमा पार करने की कोशिश करने के दौरान पकड़े जाने वाले हर वयस्क को संघीय आपराधिक मामलों का सामना करना पड़ता है और इस नीति के तहत उन्हें बच्चों से अलग कर दिया जाता है। चूंकि सरकार आपराधिक न्याय प्रणाली के तहत माता-पिता पर मुकदमा चलाती है इसलिए बच्चों को उनसे अलग रखा जाता है।

डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के अनुसार, 19 अप्रैल से 31 मई 2018 के बीच लगभग 2,000 बच्चों को उनके माता-पिता व अभिभावकों से दूर किया गया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस स्थिति के लिए बार-बार डेमोक्रेट्स को जिम्मेदार ठहराया है। इस नीति की बड़े स्तर पर निंदा की जा रही है। इससे पहले पूर्व प्रथम महिला लॉरा बुश ने भी इसे अनैतिक बताया था। वहीं, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख ने सोमवार को अमेरिका से कहा कि वह अपनी सीमा पर प्रवासी बच्चों को उनके माता-पिता से अलग करके बहुत गलत काम कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश