1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन का पता बताने पर 10 लाख डॉलर का इनाम

ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन का पता बताने पर 10 लाख डॉलर का इनाम

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 01, 2019 08:18 am IST,  Updated : Mar 01, 2019 08:18 am IST

अमेरिका ने कहा कि हमजा अपने पिता ओसामा बिन लादेन की मौत का बदला लेने के लिए देश में हमले की साजिश रच रहा है।

United States offers $1 million reward for Hamza bin Laden, son of Osama bin Laden- India TV Hindi
United States offers $1 million reward for Hamza bin Laden, son of Osama bin Laden

न्‍यूयॉर्क: अमेरिका ने कुख्यात आतंकवादी संगठन अलकायदा के सरगना रहे ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन का पता बताने वाले के लिए लाखों डॉलर का इनाम रखा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लादेन के बेटे का पता बताने वाले को अमेरिका 10 लाख डॉलर (लगभग 7 करोड़ रुपये) बतौर इनाम देगा। अमेरिका ने कहा कि हमजा अपने पिता ओसामा बिन लादेन की मौत का बदला लेने के लिए देश में हमले की साजिश रच रहा है। इसी संभावित खतरे को देखते हुए अमेरिका ने हमजा पर यह इनाम रखा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इस इनाम का ऐलान किया। उसने कहा क‍ि हमजा अमेरिका और उसके सहयोगियों पर हमले की साजिश रच रहा है और हमले की धमकी भी दी है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अल-कायदा पिछले कुछ दिनो से शांत है तो यह उसकी कमजोरी नहीं बल्कि रणनीतिक चुप्पी है। उनका मानना है कि अमेरिका को इसे लेकर कोई गलती नहीं करनी चाहिए क्योंकि इस कुख्यात आतंकी संगठन के पास अमेरिका पर हमला करने की क्षमता और इरादा दोनों ही हैं। 

आपको बता दें कि अमेरिकी नेवी सील ने पाकिस्‍तान के ऐबटाबाद में एक एयर स्ट्राइक करके ओसामा बिन लादेन को मार गिराया था। अल-कायदा के सरगना रहे ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन ने पिछले दिनों 9/11 आतंकी हमले के लिए विमान हाइजैक करने वाले मोहम्मद अट्टा की बेटी से शादी कर ली थी। ओसामा के सौतेले भाइयों ने एक इंटरव्यू में इस शादी की पुष्टि की थी। उन्होंने यह भी बताया था कि हमजा अल-कायदा में काफी प्रभावशाली पद पर है और अपने पिता की मौत का बदला लेना चाहता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश