1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका: नदी से बरामद हुआ पिछले सप्ताह से लापता भारतीय परिवार का सामान

अमेरिका: नदी से बरामद हुआ पिछले सप्ताह से लापता भारतीय परिवार का सामान

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 13, 2018 06:38 pm IST,  Updated : Apr 13, 2018 06:38 pm IST

अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया की खोज एवं बचाव टीम ने शुक्रवार को नदी से उस वाहन के कुछ हिस्से बरामद किए हैं जिसमें पिछले सप्ताह भारतीय परिवार यात्रा कर रहा था...

Sandeep Thottapilly and Family | Facebook Photo- India TV Hindi
Sandeep Thottapilly and Family | Facebook Photo

वॉशिंगटन: अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया की खोज एवं बचाव टीम ने शुक्रवार को नदी से उस वाहन के कुछ हिस्से बरामद किए हैं जिसमें पिछले सप्ताह भारतीय परिवार यात्रा कर रहा था। हालांकि परिवार के लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिवार के सदस्यों का कुछ निजी सामान भी नदी से बरामद किया गया है। सूचनाओं के अनुसार, कैलिफोर्निया के सांता क्लैरिटा में रहने वाला थोट्टापिल्ली परिवार यूएस-101 से यात्रा कर रहा था। उसी दौरान वह लापता हो गए।

सांता क्लैरिटा में यूनियन बैंक के वाइस प्रेसिडेंट संदीप थोट्टापिल्ली (41), उनकी पत्नी सौम्या थोट्टापिल्ली (38) अपने दोनों बच्चों सिद्धांत (12) और साची (9) के साथ छुट्टियां मनाने निकले थे। पूरा परिवार 5 अप्रैल से ही लापता है। बाद में मेंडोसिनो काउंटी शेरिफ ने उन्हें गुमशुदा घोषित कर दिया था। 2 दिन की तलाश मे स्विफ्ट वॉटर बचाव दलों ने इल नदी को 12 मील तक छान मारा। माना जा रहा है कि 6 अप्रैल को 1:10 बजे वाहन नदी में डूब गया था। कैलीफोर्निया हाइवे पेट्रोल के गारबेरविले कार्यालय ने कहा, ‘यह दल वाहन अथवा उसमें सवार लोगों की तलाश में असफल रहा है। लेकिन दल को अनेक वस्तुएं मिली हैं जो कि वाहन से निकली हो सकती है।’

कार्यालय ने कहा कि कई वस्तुओं को लापता परिवार के परिजन ने पहचान लिया है। कैलीफोर्निया हाइवे पेट्रोल ने कहा, ‘ये वस्तुएं निजी इस्तेमाल की हैं और इस बारे में अभी विस्तार से नहीं बताया जाएगा लेकिन इससे इस बात की पुष्टि नहीं होती कि जिस वाहन को नदी में जाते देखा गया था वह थोट्टापिल्ली परिवार का था।’ संदीप गुजरात में सूरत के रहने वाले हैं और 15 साल पहले अमेरिका आए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश