वाशिंगटन: अमेरिका दक्षिण एशिया में तनाव में कमी के साथ-साथ भारत एवं पाकिस्तान के द्विपक्षीय संबंधों में सुधार देखना चाहता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा, हम तनाव को कम होते देखना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि इसके जरिए दोनों देश मिलकर काम करें। किर्बी ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी इस क्षेत्र में होने वाले बदलावों पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा, आज की खबरों में हमने हिंसा के बारे में देखा। हिंसा निश्चित तौर पर उस सीमा पर और उस क्षेत्र में सुरक्षा में कोई योगदान नहीं देती। भारत और पाकिस्तान के संबंधों में उस समय फिर से तनाव पैदा हो गया, जब पाकिस्तान रेंजर्स ने अखनूर सेक्टर में गोलीबारी करके और मोर्टार दागकर संघर्षविराम का एक बार फिर उल्लंघन किया। इस गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई थी और बीएसएफ के दो जवानों समेत छह अन्य लोग घायल हो गए थे।
अगली स्लाइड में देखें और तस्वीरें