1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी चुनाव में दखल पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने दिया बड़ा बयान

अमेरिकी चुनाव में दखल पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने दिया बड़ा बयान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 10, 2018 01:51 pm IST,  Updated : Mar 10, 2018 01:51 pm IST

गौरतलब है कि अमेरिका में वर्ष 2016 में राष्ट्रपति चुनावों में रूसी हस्तक्षेप के आरोप लगे हैं और इनकी जांच हो रही है...

Vladimir Putin and Donald Trump | AP Photo- India TV Hindi
Vladimir Putin and Donald Trump | AP Photo

वॉशिंगटन: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी चुनावों में अपनी सरकार के दखल से साफ इनकार किया है। पुतिन ने एक इंटरव्यू में कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अगर किसी रूसी नागरिक ने दखल किया तो इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के प्रयासों को क्रेमलिन से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। गौरतलब है कि अमेरिका में वर्ष 2016 में राष्ट्रपति चुनावों में रूसी हस्तक्षेप के आरोप लगे हैं और इनकी जांच हो रही है।

पुतिन का यह इंटरव्यू शुक्रवार को ‘NBC’ टेलीविजन पर प्रसारित हुआ था। उन्होंने कहा, ‘आखिर आपने यह कैसे तय कर लिया कि मैंने और किसी रूसी अधिकारी ने इसे करने की इजाजत दी होगी।’ स्पेशल काउंसिल रॉबर्ट मुलर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान में रूसी साठगांठ के आरोपों की व्यापक जांच कर रहे हैं। आरोप है कि ट्रंप को राष्ट्रपति बनाने में रूस की मदद ली गई थी। पिछले महीने मुलर ने 13 रूसी नागरिकों और 3 रूसी कंपनियों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान का कथित रूप से समर्थन किया, उनकी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन की छवि धूमिल की और चुनावी प्रक्रिया में दखल दिया था।

इन आरोपों पर पुतिन ने कहा, ‘अगर वे रूसी नागरिक हैं तो इससे क्या हुआ? 14.6 करोड़ रूसी नागरिक हैं। तो क्या हुआ? मुझे कोई परवाह नहीं। मेरा इससे क्या लेना-देना हो सकता है। वे तो रूसी राज्य के हितों का प्रतिनिधित्व भी नहीं करते।’ उन्होंने कहा, ‘क्या हमने अमेरिका पर प्रतिबंध लगाया है? लेकिन अमेरिका ने तो हम पर प्रतिबंध लगाया।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश