न्यूयॉर्क: अमेरिका के वर्जीनिया प्रांत की रहने वाली एक महिला ने अपने जन्मदिन पर अनोखी इच्छा जताई थी जिसे सुन आप भी हैरान हो सकते हैं। इच्छा अनोखी इसलिए है क्योंकि महिला की उम्र 100 साल है और वो अपने जन्मदिन पर पोल डांस करना चाहती थी। दरअसल यह महिला अपने 100वें जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए और परिजनों को सरप्राइज देने के लिए पोल डांस करना चाहती है।
बिट्राइस इंगरलिंग ने अपने घर पर एक पोल लगवा लिया था ताकि वो अपने 100वें जन्मदिन को यादगार बना पाए। इस महिला की बेटी ने इस पूरे वृतांत को फेसबुक पर भी साझा किया। इस महिला की बेटी केरल लेंस्च ने बताया कि वो अपनी मां जिन्हें ग्रेंडी और क्वीन बी के नाम से भी बुलाया जाता है, के जश्न की इस तरह की तैयारी को लेकर खुश थीं, लेकिन वो उस वक्त दंग रह गईं जब उन्होंने जाना कि उनकी मां अपने जन्मदिन पर पोल डांस करना चाहती हैं, ताकि यह दिन यादगार बना सके।
लेंस्च ने बताया, “किसी ने उनसे पूछा कि आप 100वें जन्मदिन पर क्या करना चाहती हैं तो उन्होंने कहा पोल डांस। हम सभी ने ऐसा कहा कि आखिर आपने ऐसा क्यों कहा, क्योंकि हम यह भी नहीं जानते हैं कि आप पोल डांस जानती हैं, मॉम।”
बिट्राइस इंगरलिंग को उनके जन्मदिन पर अजनबियों और पारिवारिक सदस्यों की तरफ से ढेरों उपहार मिले। इस मौके पर उनके घर पर एक छोटी सी पार्टी आयोजित हुई जहां उनके पारिवारिक सदस्य और मित्र इकट्ठा हुए। यहां पर उन्होंने पोल डांस की अपनी इच्छा भी पूरी की। इस महिला की बेटी लेंस्च ने बताया इस पोल डांस के लिए पहले तैयारी की गई थी। इस दौरान बिट्राइस इंगरलिंग ने आकर्षक ड्रेस पहनी थी। लेंस्च ने बताया कि उनकी मां पोल पर इसलिए खड़ी हुईं क्योंकि यह उनका सपना था।