1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 23 साल की भारतीय छात्रा की अमेरिका में मौत, पढ़ाई के बाद खोज रही थी नौकरी, फिर अचानक ऐसा क्या हुआ?

23 साल की भारतीय छात्रा की अमेरिका में मौत, पढ़ाई के बाद खोज रही थी नौकरी, फिर अचानक ऐसा क्या हुआ?

 Published : Nov 10, 2025 04:10 pm IST,  Updated : Nov 10, 2025 04:10 pm IST

अमेरिका में राजलक्ष्मी की मौत की खबर मिलने के बाद से ही उसका परिवार और दोस्त गहरे सदमे में हैं। मौत का सही कारण जानने के लिए अमेरिका में राजलक्ष्मी के शरीर की मेडिकल जांच चल रही है।

Rajyalakshmi Yarlagadda- India TV Hindi
राजलक्ष्मी यार्लागड्डा Image Source : SOURCE- GOFUNDME.COM

अमेरिका के टेक्सास में एक 23 साल की भारतीय छात्रा अपार्टमेंट के अंदर मृत पाई गई है। छात्रा की पहचान आंध्र प्रदेश निवासी राजलक्ष्मी यार्लागड्डा उर्फ ​​राजी के रूप में हुई है। इस खबर के बाद से ही उसका परिवार और दोस्त गहरे सदमे में हैं। हाल में ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने वाली और नौकरी की तलाश कर रही 23 वर्षीय राजलक्ष्मी की गंभीर खांसी और सीने में दर्द के बाद मौत हो गई। 

उज्ज्वल भविष्य बनाने की आशा के साथ आई थी अमेरिका 

आंध्र प्रदेश की राजलक्ष्मी यार्लागड्डा उर्फ ​​राजी ने हाल में टेक्सास ए एंड एम यूनिवर्सिटी कॉर्पस क्रिस्टी से स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। यह जानकारी टेक्सास के डेंटन शहर में उनके चचेरे भाई चैतन्य वाईवीके द्वारा शुरू किए गए गोफंडमी अभियान से मिली है। धन संग्रहकर्ता के अनुसार, वह अपने परिवार के लिए उज्ज्वल भविष्य बनाने की आशा के साथ अमेरिका आई थी। राजलक्ष्मी का परिवार बापटला जिले के कर्मेचेडू गांव में सीमांत किसान है।

कैसे हुई मौत?

राजलक्ष्मी के चचेरे भाई ने बताया कि वह अपना पेशेवर करियर शुरू करने के लिए नौकरी की तलाश में थी। वह दो-तीन दिनों तक गंभीर खांसी और सीने में दर्द से पीड़ित रही। उन्होंने बताया कि सात नवंबर की सुबह, अलार्म बजने के बावजूद वह नहीं उठी। उसके दोस्तों को बाद में पता चला कि उसकी नींद में ही मृत्यु हो गई थी। मौत का सही कारण जानने के लिए अमेरिका में राजलक्ष्मी के शरीर की मेडिकल जांच चल रही है। 

पार्थिव शरीर को घर लाने के लिए धन जुटा रहा परिवार

गोफंडमी अभियान के अनुसार, राजलक्ष्मी के परिवार की आय का एकमात्र स्रोत उनकी फसलें और पशु हैं। इसमें कहा गया है, "राजलक्ष्मी का परिवार इस अकल्पनीय क्षति से दुखी है, इसलिए हम अपने दोस्तों और प्रियजनों से सहायता की गुहार लगा रहे हैं।" धन संग्रह के इस अभियान का उद्देश्य 125,000 अमेरिकी डॉलर जुटाना है ताकि उनके अंतिम संस्कार के खर्च, शिक्षा के लिए ऋण, उनके पार्थिव शरीर को घर वापस लाने में मदद मिल सके और उनके परिवार को कुछ आर्थिक सहायता मिल सके। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

कनाडा में 21 वर्षीय भारतीय छात्रा की हत्या, 32 साल के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

कनाडा में एक और भारतीय छात्रा की अचानक मौत, वजह अभी साफ नहीं; दूतावास ने कहा- अधिकारियों के संपर्क में है

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश