America Terror Attack: अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने बताया है कि उसने उत्तरी कैरोलिना के मिंट हिल इलाके में नए साल पर एक ग्रॉसरी स्टोर और रेस्तरां पर हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है। इस मामले में 18 साल के क्रिश्चियन स्टर्डिवेंट को गिरफ्तार किया गया है जो आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) से प्रेरित था। स्टर्डिवेंट मिंट हिल का निवासी है और बर्गर किंग में काम करता था। जांचकर्ताओं के अनुसार, उसने लगभग एक साल से हमले की योजना बना रहा था। वह चाकू और हथौड़ों से हमला करने की तैयारी कर रहा था, ताकि ज्यादा से ज्यादा निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जा सके।
स्टर्डिवेंट ने किए ISIS का समर्थन करने वाले पोस्ट
FBI के अनुसार, स्टर्डिवेंट ने दिसंबर 2025 में सोशल मीडिया पर ISIS का समर्थन करने वाले कई पोस्ट किए थे, जिसमें हिंसा को बढ़ावा देने वाली तस्वीरें भी शामिल थीं। जांच पिछले महीने शुरू हुई जब अधिकारियों ने उसे एक ऐसे अकाउंट से जुड़ा पाया जिसका डिस्प्ले नाम ISIS के पूर्व नेता अबू बकर अल-बगदादी से जुड़ा था।
स्टिंग ऑपरेशन और गिरफ्तारी
स्टर्डिवेंट ने 2 अंडरकवर एजेंटों (जिनमें से एक FBI का था) के संपर्क में था जिन्हें वो ISIS से जुड़े सदस्य समझता था। उसने उनसे अपनी योजनाओं पर चर्चा की थी। उसने अंडरकवर एजेंटों को हथौड़े और एक चाकू की तस्वीरें भेजी थीं, "जिहाद जल्द ही करूंगा" कहा था और ISIS के समर्थन की कसम खाई थी। उसने ग्रॉसरी स्टोर पर हमले की बात कही थी और हथियार खरीदने की योजना का भी खुलासा किया था।
FBI एजेंट कर रहे थे निगरानी
FBI के एजेंट लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे। अधिकारियों ने कहा कि जनता कभी खतरे में नहीं थी, क्योंकि अगर स्टर्डिवेंट हथियार लेकर घर से निकलता तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाता। 29 दिसंबर को उसके घर की तलाशी में "New Years Attack 2026" नाम से एक हैंडरिटेन डॉक्यूमेंट मिला, जिसमें 20-21 लोगों को चाकू मारने, पुलिस पर हमला कर 'शहीद' बनने और वेस्ट, मास्क, टैक्टिकल ग्लव्स जैसे सामान की सूची थी। उसके बिस्तर के नीचे 2 हथौड़े और 2 चाकू भी मिले थे।
जनवरी 2022 से FBI के रडार पर था स्टर्डिवेंट
स्टर्डिवेंट को 31 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था और शुक्रवार को संघीय अदालत में पेश किया गया। अगली सुनवाई 7 जनवरी को होगी। दोषी पाए जाने पर उसे अधिकतम 20 साल की सजा हो सकती है। FBI के स्पेशल एजेंट इन चार्ज जेम्स बार्नेकल ने बताया कि स्टर्डिवेंट जनवरी 2022 में (जब वह नाबालिग था) भी रडार पर था। तब उसने यूरोप में एक ISIS सदस्य से संपर्क किया था और हथौड़े से पड़ोसी पर हमला करने की कोशिश की थी।
यह भी पढ़ें:
न्यूयॉर्क का मेयर बनते ही ममदानी ने किया ऐसा काम कि भड़क गया इजरायल, दिया बड़ा बयानVIDEO: नेपाल में टल गया बड़ा हादसा, रनवे पर फिसला विमान; बच गई 55 यात्रियों की जान