1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में ICE एजेंट ने महिला को मारी गोली, भड़के लोगों ने सड़क पर किया विरोध; देखें VIDEO

अमेरिका में ICE एजेंट ने महिला को मारी गोली, भड़के लोगों ने सड़क पर किया विरोध; देखें VIDEO

 Published : Jan 08, 2026 07:56 am IST,  Updated : Jan 08, 2026 10:48 am IST

अमेरिका के मिनियापोलिस में ICE एजेंट ने कार में एक महिला को गोली मार दी। गोली लगते ही महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मिनियापोलिस के मेयर जैकब फ्रे ने भी मामले में तीखी प्रतिक्रिया दी है।

ICE Officer Kills Woman In Minneapolis- India TV Hindi
ICE Officer Kills Woman In Minneapolis Image Source : AP

ICE Officer Kills Woman In Minneapolis: अमेरिका के मिनियापोलिस शहर में बड़ी घटना हुई है। यहां सख्त इमिग्रेशन नीति से जुड़े अभियान के दौरान इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एक एजेंट ने 37 वर्षीय अमेरिकी महिला रेनी निकोल गुड को गोली मार दी। गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शहर के दक्षिणी हिस्से में ईस्ट 34th स्ट्रीट और पोर्टलैंड एवेन्यू के पास हुई है। इस घटना के बाद शहर के लोगों में भारी गुस्सा देखा गया और वो विरोध करते हुए सड़कों पर उतर आए। भड़के लोगों ने ट्रंप के विरोध में जमकर नारे भी लगाए।

एजेंट ने क्यों चलाई गोली?

डीएचएस (Department of Homeland Security) और प्रशासन के प्रवक्ताओं (जिनमें ट्रिशिया मैकलॉघलिन और होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम शामिल हैं) ने कहा कि महिला ने अपने वाहन को हथियार बनाकर ICE अधिकारियों को कुचलने की कोशिश की थी। उन्होंने इसे घरेलू आतंकवाद करार दिया और दावा किया कि एजेंट ने अपनी और साथी अधिकारियों समेत जनता की सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा में गोली चलाई थी।

भड़के मिनियापोलिस के मेयर

महिला की पहचान एक अमेरिकी नागरिक के रूप में हुई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार वह एक कानूनी पर्यवेक्षक थी, जो संघीय एजेंटों की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। कई गवाहों, वीडियो फुटेज और स्थानीय अधिकारियों ने उन दावों का खंडन किया है, जिसमें कहा गया है कि वाहन अधिकारियों की ओर तेजी से बढ़ रहा था। घटना के बाद मिनियापोलिस के मेयर जैकब फ्रे ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संघीय एजेंटों की उपस्थिति को शहर में अराजकता फैलाने वाला बताया और कहा कि खुद के बचाव का दावा बकवास है। फ्रे ने ICE से तुरंत शहर छोड़ने की मांग की और कहा, "हम अपने आप्रवासी और शरणार्थी समुदायों के साथ पूरी तरह खड़े हैं।"

मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने की निंदा

मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने भी घटना की निंदा करते हुए लोगों से शांत रहने की अपील की है। उन्होंने जांच की जानकारी जुटाने और राष्ट्रीय गार्ड को तैयार रखने की बात कही है। यह घटना ट्रंप प्रशासन के बड़े पैमाने पर आव्रजन अभियान के बीच हुई है, जिससे शहर में व्यापक विरोध प्रदर्शन और तनाव पैदा हो गया है। स्थानीय नेताओं ने इसे समुदायों में डर और अस्थिरता फैलाने वाला करार दिया है।

यह भी पढ़ें:

ट्रंप का अब UN को तगड़ा झटका! अमेरिका को दिया उसकी 31 संस्थाओं से बाहर निकलने का आदेश

ट्रंप ने पहले दी धमकी फिर बदल लिया लहजा, अब कोलंबिया के राष्ट्रपति पेट्रो को व्हाइट हाउस में बुलाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश