1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. बाइडेन ने पेश किया युद्ध विराम का नया प्रस्ताव, इजरायली PM नेतन्याहू ने कहा-"सभी लक्ष्य हासिल नहीं हो जाने तक खत्म नहीं होगा गाजा युद्ध"

बाइडेन ने पेश किया युद्ध विराम का नया प्रस्ताव, इजरायली PM नेतन्याहू ने कहा-"सभी लक्ष्य हासिल नहीं हो जाने तक खत्म नहीं होगा गाजा युद्ध"

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jun 01, 2024 10:55 am IST,  Updated : Jun 01, 2024 10:56 am IST

गाजा में युद्ध विराम को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने तीन चरणों वाला युद्धविराम का नया प्रस्ताव पेश किया है। बाइडेन के अनुसार इसे इजरायल ने ही तैयार किया है, जिस पर इजरायल और हमास दोनों सहमत होते दिख रहे हैं। मगर इस बीच नेतन्याहू ने फिर संदेश जारी किया है कि हमास के खात्मे तक विराम संभव नहीं होगा।

इजरायली पीएम नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (फाइल)- India TV Hindi
इजरायली पीएम नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (फाइल) Image Source : AP

वाशिंगटन/जेरूसलम: गाजा में युद्ध विराम को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने नया प्रस्ताव पेश किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजरायली बंधकों की रिहाई के बदले शुक्रवार को गाजा में युद्धविराम के लिए तीन चरणों वाला इजरायली प्रस्ताव पेश किया है, क्योंकि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू साफ कह चुके हैं कि जब तक बंधकों की रिहाई नहीं हो जाती और हमास आतंकियों के खात्मे का सभी लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता, तब तक गाजा युद्ध खत्म नहीं होगा। 

अमेरिकी राष्ट्रपति ने गाजा युद्ध विराम के प्रस्ताव को पेश करते हुए कहा, "यह युद्ध खत्म करने का समय है। उन्होंने कहा कि हमें युद्ध विराम को लेकर प्रारंभिक तौर पर हमास से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि युद्ध विराम का पहला चरण छह हफ्ते का होगा। इस दौरान बुजुर्ग और महिला इजरायली बंधकों की रिहाई के बदले सैकड़ों फिलिस्तीनी कैदियों को मुक्त कर दिया जाएगा। इसके साथ ही इजरायली सेना गाजा के "सभी आबादी वाले क्षेत्रों" से हट जाएगी। तब फिलिस्तीनी नागरिक अपने घरों में लौट सकते हैं। गाजा के तबाह हुए इलाके में प्रति दिन 600 ट्रक मानवीय सहायता पहुंचाएंगे।

इस चरण में हमास और इज़राइल एक स्थायी युद्धविराम पर बातचीत करेंगे।  बाइडेन ने कहा है कि यह युद्ध विराम तब तक जारी रहेगा, जब तक  हमास अपनी प्रतिबद्धताओं (वादे) पर कायम रहेगा"। यदि बातचीत में छह सप्ताह से अधिक समय लगता है तो अस्थायी युद्धविराम जारी रहेगा।

ऐसा होगा युद्ध विराम का दूसरा और तीसरा चरण

बाइडेन ने कहा कि युद्ध विराम के दूसरे चरण में पुरुष सैनिकों सहित सभी शेष जीवित इजरायली बंधकों की अदला-बदली होगी। साथ ही इजरायली सेना गाजा से हट जाएगी और स्थायी युद्धविराम शुरू हो जाएगा। वहीं तीसरे चरण में गाजा के लिए एक प्रमुख पुनर्निर्माण योजना और बंधकों के "अंतिम अवशेषों" को उनके परिवारों को लौटाना शामिल होगा। अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले जो बाइडेन पर गाजा में संघर्ष को रोकने का भारी दबाव है। ऐसे में उन्होंने कहा कि अब इस युद्ध को खत्म करने और नए दिनों की शुरुआत का समय आ गया है।

नेतन्याहू की ओर से फिर दिया गया सख्त संदेश

हमास आतंकियों को युद्ध विराम के नए प्रस्तावों के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से फिर सख्त संदेश दिया गया है। पीएम कार्यालय की ओर से कहा गया है कि इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है  "गाजा युद्ध तब तक समाप्त नहीं होगा, जब तक हमास की युद्ध करने और शासन करने की क्षमता "खत्म" नहीं हो जाती।" "प्रधानमंत्री ने बातचीत करने वाली टीम को इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक रूपरेखा प्रस्तुत करने के लिए अधिकृत किया। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि युद्ध तब तक समाप्त नहीं होगा, जब तक कि इसके सभी लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते, जिसमें हमारे सभी बंधकों की वापसी और हमास की सैन्य और सरकारी क्षमताओं को खत्म करना शामिल है। यह टिप्पणियां अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन द्वारा इज़राइल और हमास से एक नए युद्धविराम प्रस्ताव पर सहमत होने का आग्रह करने के तुरंत बाद आई हैं, जिसे इज़रायल ने ही तैयार किया है। (रायटर्स) 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश