वाशिंगटनः चार्ली किर्क के हत्यारे को गिरफ्तार करने के बाद अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने कई बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी के अनुसार चार्ली को गोली मारने वाला हमलावर 22 वर्षीय टायलर रॉबिनसन एक ट्रांसजेंडर रूममेट के साथ रह रहा था। उसका रूममेट अब एफबीआई की जांच में सहयोग कर रहा है।
चार्ली को क्यों मारी गोली?
अमेरिका के कंजरवेटिव एक्टिविस्ट चार्ली किर्क को बुधवार को उस समय गोली मार दी गई थी, जब एक दर्शक ने उनकी कॉलेज टूर "अमेरिकन कमबैक" के दौरान ट्रांसजेंडर द्वारा किए गए सामूहिक हत्याओं के बारे में सवाल पूछा था। शनिवार को कानून प्रवर्तन सूत्रों ने पुष्टि की कि हत्यारोपी टायलर रॉबिनसन एक ट्रांसजेंडर पार्टनर के साथ रह रहा था, जिसका नाम लांस ट्विग्स (22) है। वह महिला बनने की प्रक्रिया में था और अब एफबीआई जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहा है।
एलजीबीटीक्यू+ एजेंडा और लिंग परिवर्तन के विरोधी थे चार्ली
चार्ली किर्क एलजीबीटीक्यू+ एजेंडा और लिंग परिवर्तन का सख्त विरोध करते थे। ऐसे में सवाल है कि क्या इसी लिए वह लिंग परिवर्तन की फिराक में बैठे लांस ट्विग्स के रूममेट राबिनसन के निशाने पर आ गए? सार्वजनिक रिकॉर्ड के अनुसार ट्विग्स और रॉबिनसन एक ही पते पर रहते थे। ट्विग्स के एक रिश्तेदार ने न्यू यॉर्क पोस्ट से बातचीत में उनके रूममेट होने की पुष्टि की। साथ ही ट्विग्स को अपने परिवार का “काला धब्बा” बताया।
जांच में रूममेट की भूमिका अहम
अधिकारियों ने कहा कि ट्विग्स का सहयोग इस जांच में बेहद अहम साबित हुआ है। एफबीआई को सौंपे गए टेक्स्ट मैसेज और अन्य संचार में उन गोली के खोखों का ज़िक्र है जो घटनास्थल से मिले थे। साथ ही एक राइफल को “ड्रॉप पॉइंट” से उठाने के निर्देश भी शामिल थे।
किस तरह हुआ हमला
चार्ली किर्क (31) को उस समय गोली मारी गई जब वे यूटा वैली यूनिवर्सिटी में भाषण दे रहे थे। हमले से कुछ ही देर पहले एक दर्शक ने ट्रांसजेंडर शूटरों को लेकर उनसे सवाल पूछा था। इसी समय उनके गले में गोली मार दी गई। घटनास्थल पर मिले खोखे पर लिखा था, “Hey fascist, catch.” (अरे, फासीवादी को पकड़ो) ये गोली एक .30-06 कैलिबर मौज़र बोल्ट-एक्शन राइफल से लगभग 200 गज दूर से चलाई गई थी, जो बाद में पास के जंगल में एक तौलिये में लिपटी हुई मिली।
चार्ली को गोली मारने के बाद हत्यारे ने बदले कपड़े
एफिडेविट के अनुसार “टायलर के मैसेज में यह भी लिखा था कि उसने अपने कपड़े बदल लिए थे। टायलर रॉबिनसन को एफबीआई के सामने आत्मसमर्पण करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि वे अभी भी इस राजनीतिक हत्या के पीछे की मंशा और नेटवर्क की जांच कर रहे हैं। रॉबिनसन एक परंपरागत मॉर्मन परिवार में पला-बढ़ा था, लेकिन हाल के वर्षों में वामपंथी विचारधारा की ओर झुकाव दिखा रहा था। वह किसी राजनीतिक दल में पंजीकृत नहीं था। अधिकारियों ने इस घटना को "राजनीतिक हत्या" करार दिया है।