1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में ताबड़तोड़ दी जा रही है सजा-ए-मौत, जानें ट्रंप और उनकी पार्टी से क्या है कनेक्शन

अमेरिका में ताबड़तोड़ दी जा रही है सजा-ए-मौत, जानें ट्रंप और उनकी पार्टी से क्या है कनेक्शन

 Published : Jul 26, 2025 09:23 am IST,  Updated : Jul 26, 2025 09:23 am IST

2025 में अमेरिका में अब तक 26 लोगों को सजा-ए-मौत दी जा चुकी है और 10 और सजाएं तय हैं। फ्लोरिडा इस मामले में सबसे आगे है।

death penalty USA 2025, US execution schedule- India TV Hindi
अमेरिका में डेथ चैम्बर की एक तस्वीर। Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका में इस साल अब तक 26 लोगों को सजा-ए-मौत दी जा चुकी है। इसके अलावा साल के बाकी महीनों में 7 राज्यों में 10 और लोगों को सजा देने की तारीख तय की गई है। यह संख्या 2024 और 2018 में हुई 25 सजाओं के आंकड़े को पार कर चुकी है और 2015 के बाद सबसे ज्यादा है, जब 28 लोगों को मौत की सजा दी गई थी। मौत की सजा के मामले में एक दिलचस्प बात यह भी सामने आई है कि जिन राज्यों में ये सजा दी गई है उनमें एक को छोड़कर बाकी सभी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी का गवर्नर है।

मौत की सजा के मामले में फ्लोरिडा सबसे आगे

अमेरिका में मौत की सजा के मामले में फ्लोरिडा सबसे आगे है। फ्लोरिडा में अगली सजा 31 जुलाई को होनी है। एडवर्ड जे. ज़कर्ज़ेव्स्की नाम के शख्स को 1994 में अपनी पत्नी और 2 छोटे बच्चों की हत्या के लिए सजा दी जाएगी। उसने अपनी पत्नी के तलाक मांगने के बाद यह जुर्म किया था। बाद में उसने टीवी शो 'अनसॉल्व्ड मिस्ट्रीज' में केस दिखाए जाने के बाद पुलिस के सामने सरेंडर किया था। फ्लोरिडा में ही 19 अगस्त को 67 साल के केल बेट्स को सजा दी जाएगी। उसे 1982 में एक महिला जेनेट व्हाइट के अपहरण और हत्या के जुर्म में सजा सुनाई गई है। फ्लोरिडा ने हाल ही में इस साल की 10वीं सजा की तारीख तय की है।

अन्य राज्यों में सजा-ए-मौत के मामले

  1. टेनेसी: 5 अगस्त को 69 साल के बायरन ब्लैक को सजा दी जाएगी। उसे 1989 में अपनी गर्लफ्रेंड और उसकी 2 बेटियों की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था। उसकी सजा से पहले उसके हार्ट डिवाइस को निष्क्रिय करने का फैसला लिया गया है। 11 दिसंबर को 64 साल के हेरोल्ड निकोल्स को भी सजा होगी, जिसे 1988 में एक महिला की हत्या और बलात्कार के लिए दोषी ठहराया गया था।
  2. अलबामा: डेविड ली रॉबर्ट्स की सजा को टाल दिया गया है। उसे 1992 में एक महिला की हत्या के लिए सजा दी जानी थी, लेकिन उसकी मानसिक हालत की जांच के लिए सजा टाली गई है। वहीं, 25 सितंबर को 49 साल के जॉफ्री टी. वेस्ट को नाइट्रोजन गैस से सजा दी जाएगी। यह अलबामा में नाइट्रोजन गैस से होने वाली छठी सजा होगी।
  3. यूटा: 5 सितंबर को 67 साल के राल्फ लेरॉय मेनज़ीज़ को फायरिंग स्क्वॉड से सजा दी जाएगी। उसे 1986 में एक महिला के अपहरण और हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था। उसकी डिमेंशिया की बीमारी के बावजूद कोर्ट ने सजा को मंजूरी दी है।
  4. टेक्सास: 25 सितंबर को 35 साल के ब्लेन मिलम को सजा दी जाएगी। उसे 2008 में अपनी गर्लफ्रेंड की 13 महीने की बेटी की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था। 16 अक्टूबर को 58 साल के रॉबर्ट रॉबर्सन को सजा होगी, जिसे 2002 में अपनी 2 साल की बेटी की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था।
  5. इंडियाना: रॉय ली वार्ड को 10 अक्टूबर को सजा दी जा सकती है, लेकिन तारीख बदल सकती है। उसे 2001 में एक 15 साल की लड़की के साथ बलात्कार और हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था।
  6. मिसूरी: 14 अक्टूबर को लांस सी. शॉक्ली को सजा दी जाएगी। उसे 2005 में एक पुलिस अधिकारी की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था।

ओहायो में सजा पर रोक

ओहायो में गवर्नर माइक डेवाइन ने 2025 में होने वाली 5 सजाओं को 2028 तक टाल दिया है। उन्होंने दवाओं की कमी का हवाला दिया, जो सजा-ए-मौत के लिए ज़रूरी हैं। उनका कहना है कि 2026 तक बचे उनके कार्यकाल में अब मौत की कोई सजा नहीं होगी।

सजा-ए-मौत में बढ़ोतरी की वजह

कॉर्नेल डेथ पेनल्टी प्रोजेक्ट के डायरेक्टर जॉन ब्लम का कहना है कि सजा-ए-मौत की संख्या बढ़ने की वजह रिपब्लिकन गवर्नरों और अटॉर्नी जनरल्स का आक्रामक रवैया है। वे अपील की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर सजा को लागू कर रहे हैं। इसके अलावा, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले दिन हस्ताक्षर किए गए एक कार्यकारी आदेश ने भी सजा-ए-मौत को बढ़ावा दिया है, जिसमें अभियोजकों से मौत की सजा मांगने और इसे लागू करने को कहा गया है।

कहां-कहां हुई मौत की सजा?

इस साल सजा-ए-मौत अलबामा, एरिज़ोना, फ्लोरिडा, इंडियाना, लुइसियाना, मिसिसिपी, ओक्लाहोमा, साउथ कैरोलिना, टेनेसी और टेक्सास में दी गई है। सिर्फ एरिजोना को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में रिपब्लिकन गवर्नर हैं। (AP)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश