1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. तमाम आंतरिक विरोध के बावजूद फिर राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर अड़े बाइडेन, कहा-"ट्रंप को हराऊंगा"

तमाम आंतरिक विरोध के बावजूद फिर राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर अड़े बाइडेन, कहा-"ट्रंप को हराऊंगा"

 Published : Jul 12, 2024 09:52 am IST,  Updated : Jul 12, 2024 11:48 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट में डोनॉल्ड ट्रंप से हारने के बाद भी चुनाव लड़ने पर अड़े हुए हैं। पार्टी के तमाम शुभचिंतकों और विरोधियों की ओर से उम्मीदवारी वापस लेने के दबाव को खारिज करते हुए बाइडेन ने कहा कि वह इस पद के लिए सबसे योग्य हैं और फिर ट्रंप को हराएंगे।

जो बाइडेन, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
जो बाइडेन, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : PTI

वाशिंगटनः अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन पहले प्रेसिडेंशियल डिबेट में ट्रंप से पिछड़ने के बाद राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ से हटने की मांग और आलोचनाओं का लगातार सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद वह दोबारा चुनाव लड़ने पर अड़े हुए हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ एक बार फिर चुनाव लड़ने के लिए “स्वस्थ” और “प्रतिबद्ध” हैं। बाइडेन ने यह भी कहा कि एक “मूर्खतापूर्ण गलती” उनका इरादा नहीं बदलेगी, क्योंकि उन्हें कई काम पूरे करने हैं।

वाशिंगटन में नाटो शिखर सम्मेलन के समापन के मौके पर संवाददाताओं से मुखातिब बाइडेन ने दावा किया कि फिलहाल कोई भी सर्वेक्षण या व्यक्ति उन्हें यह संकेत नहीं दे रहा है कि वह दोबारा चुनाव नहीं जीत सकते। उन्होंने कहा कि यह एकमात्र कारण होगा, जिसके चलते वह राष्ट्रपति पद की दावेदारी छोड़ने पर विचार करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मैं चुनाव लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हूं। मुझे लगता है कि मैं राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए सबसे योग्य व्यक्ति हूं। मैंने उन्हें (ट्रंप को) एक बार हराया और मैं अब मैं उन्हें फिर से हराऊंगा।”

बाइ़डेन ने कहा कि 5 राष्ट्रपतियों की लोकप्रियता थी मुझसे भी कम

जो बाइडेन ने कहा, “इसके अलावा, यह विचार कि राष्ट्रपति पद की दावेदारी की दौड़ में शामिल सीनेटर और कांग्रेस सदस्य टिकट को लेकर चिंतित हैं, असामान्य नहीं है और मैं कहना चाहूंगा कि राष्ट्रपति चुनाव की दावेदारी की दौड़ में शामिल कम से कम पांच राष्ट्रपति ऐसे थे, जिनकी लोकप्रियता का स्तर मेरी तुलना में कम था।” बाइडन ने कहा, “इसलिए इस अभियान में अभी बहुत लंबा सफर तय करना है और इसलिए मैं बस चलता रहूंगा, आगे बढ़ता रहूंगा।” उन्होंने कहा, “और देखिए, चूंकि मुझे बहुत सारे काम पूरे करने हैं।

हमने बहुत प्रगति की है। इस बारे में सोचें कि बाकी दुनिया के मुकाबले हम आर्थिक रूप से कहां हैं। मुझे ऐसे विश्व नेता का नाम बताएं, जो हमारी अर्थव्यवस्था के साथ व्यापार नहीं करना चाहेगा। हमने विनिर्माण क्षेत्र में 8,00,000 से अधिक नौकरियां सृजित कीं। इसलिए चीजें आगे बढ़ रही हैं। हमें और भी बहुत कुछ करना है।  (भाषा) 

यह भी पढ़ें

नेपाल में मदन-आश्रित राजमार्ग पर भारी भूस्खलन, 63 यात्रियों को ले जा रही 2 बसें त्रिशूली नदी में डूबी


पीएम मोदी की रूस यात्रा के बाद आया अमेरिकी राजदूत का बड़ा बयान, भारत को लेकर अब ये सोच रहा अमेरिका
 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश