America Reciprocal Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले कई बार इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि भारत दुनिया में सबसे अधिक शुल्क लगाने वाले देशों में से एक है। लेकिन, अब ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने सुना है कि भारत अमेरिकी वस्तुओं पर टैरिफ में भारी कटौती करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैंने कुछ समय पहले ही सुना है कि भारत अपने टैरिफ में भारी कटौती करने जा रहा है और मैंने कहा कि किसी ने ऐसा बहुत पहले क्यों नहीं किया।"
ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ से बढ़ी चिंता
डोनाल्ड ट्रंप की यह टिप्पणी वाशिंगटन की ओर से 2 अप्रैल को पारस्परिक टैरिफ लागू करने से ठीक पहले आई है। ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ ने दुनिया भर के नीति निर्माताओं को चिंता में डाल दिया है। व्हाइट हाउस ने भारत को उन देशों में भी शामिल किया है जो "अनुचित" हैं और उच्च शुल्क लगाकर अमेरिकी निर्यातकों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
कारोबार से बाहर हो गए अमेरिकी
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि भारत अमेरिकी कृषि उत्पादों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाता है, जिससे अमेरिकी उत्पादों का विदेशी बाजारों तक पहुंचना "लगभग असंभव" हो जाता है। लेविट ने कहा कि दूसरे देश भी इसी प्रकार का बैरियर लगाए हुए हैं। यूरोपियन यूनियन अमेरिका के डेयरी प्रोडक्ट पर 50 फीसदी शुल्क लेता है। जापान अमेरिकी चावल पर 700 प्रतिशत शु्ल्क लगाता है। वहीं, कनाडा ने अमेरिकी बटर और चीज पर करीब 300 फीसदी शुल्क लगा रखा है। लेविट ने कहा, "इससे अमेरिकी उत्पादों को इन बाजारों में आयात करना लगभग असंभव हो गया है और पिछले कई दशकों में बहुत से अमेरिकियों को कारोबार और रोजगार से बाहर होना पड़ा है।"
'ट्रंप ऐतिहासिक परिवर्तन करने जा रहे हैं'
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में लेविट के हवाले से कहा गया है, "ये देश बहुत लंबे समय से हमारे देश को लूट रहे हैं, यह अमेरिकी श्रमिकों के प्रति स्पष्ट तिरस्कार है। यह पारस्परिकता का समय है।" लेविट ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति "ऐतिहासिक परिवर्तन करने जा रहे हैं, और यह बुधवार को होगा।" लेविट ने कहा, "बुधवार को अमेरिका में मुक्ति दिवस मनाया जाएगा, जैसा कि राष्ट्रपति ने गर्व से कहा है। राष्ट्रपति एक टैरिफ योजना की घोषणा करेंगे जो अमेरिकी श्रमिकों के हित में होगी।"
यह भी पढ़ें:
हूतियों ने दिया अमेरिका को तगड़ा झटका, MQ9 Reaper ड्रोन मार गिराने का किया दावा
एलन मस्क के 13वें बच्चे को लेकर बढ़ा विवाद, बोले 'पता नहीं उनका है भी या नहीं'