1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. US Presidential Elections: 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए डोनाल्ड ट्रंप ने कसी कमर, टेक्सास में करेंगे पहली रैली

US Presidential Elections: 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए डोनाल्ड ट्रंप ने कसी कमर, टेक्सास में करेंगे पहली रैली

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Mar 18, 2023 10:41 am IST,  Updated : Mar 18, 2023 10:41 am IST

न्यूयॉर्क की ग्रांड जूरी 2016 में पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को किए गए 1.30 लाख डॉलर के भुगतान में ट्रंप की संलिप्तता की जांच कर रही है।

2024 Presidential Election, US 2024 Presidential Election, Donald Trump- India TV Hindi
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP FILE

न्यूयॉर्क: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2024 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान के तहत इस महीने के अंत में टेक्सास के वाको में अपनी पहली रैली करेंगे। राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए ट्रंप के प्रचार अभियान से जुड़े अधिकारियों ने शुक्रवार को ऐलान किया कि पूर्व राष्ट्रपति 25 मार्च की शाम को वाको में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। टेक्सास रिपब्लिकन पार्टी के प्रभाव वाला प्रांत है और यहां भारी तादाद में ट्रंप समर्थक मौजूद हैं। माना जा रहा है कि 25 मार्च को होने वाली ट्रंप की रैली में कापी बड़े पैमाने पर भीड़ जुटने वाली है।

कई आरोपों का सामना कर रहे हैं डोनाल्ड ट्रंप

यह रैली ऐसे समय में आयोजित की जा रही है, जब कानून प्रवर्तन अधिकारी 2016 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप के नाम पर किए गए कथित गुप्त भुगतान को लेकर उनके खिलाफ संभावित कानूनी कार्रवाई के मद्देनजर सुरक्षा इंतजाम करने की कवायद में जुटे हैं। मामले में ट्रंप को अभ्यारोपित किया जाता है तो यह अमेरिका के इतिहास में पहली बार होगा, जब किसी पूर्व राष्ट्रपति पर किसी अपराध में आरोप लगाए जाएंगे। न्यूयॉर्क की ग्रांड जूरी 2016 में पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को किए गए 1.30 लाख डॉलर के भुगतान में ट्रंप की संलिप्तता की जांच कर रही है।

चुप रहने के लिए दिए थे डेनियल्स को पैसे
डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने स्टॉर्मी डेनियल्स को ये पैसे इसलिए दिए थे कि वह उनके साथ अपने कथित यौन संबंधों पर चुप रहें। डेनियल्स को पैसे का भुगतान ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन ने किया था। कोहेन ने दावा किया था कि ट्रंप ऑर्गनाइजेशन ने उन्हें प्रतिपूर्ति और अतिरिक्त बोनस के रूप में 4.20 लाख डॉलर का भुगतान किया था। बता दें कि महीनों पहले डोनाल्ड ट्रंप का ट्विटर अकाउंट रीस्टोर होने के बाद अब यूट्यूब और फेसबुक अकाउंट भी रीस्टोर कर दिया गया है। ऐसे में ट्रंप सोशल मीडिया पर फिर से तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश