1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. 'भारत-पाकिस्तान समेत 7 युद्धों को कराया समाप्त, किसी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने नहीं की मदद', UN में बोले डोनाल्ड ट्रंप

'भारत-पाकिस्तान समेत 7 युद्धों को कराया समाप्त, किसी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने नहीं की मदद', UN में बोले डोनाल्ड ट्रंप

 Published : Sep 23, 2025 07:54 pm IST,  Updated : Sep 23, 2025 08:43 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूएनजीए में भी वही पुरान राग अलापा है, जो हमेशा वह भारत पाकिस्तान के युद्ध को लेकर कहते आ रहे हैं। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान समेत कुल 7 युद्धों को समाप्त कराया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : UNGA

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र में बोलते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान समेत उन्होंने सात युद्ध को समाप्त कराया है। यूएन में बोलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'सिर्फ सात महीनों की अवधि में मैंने सात अकल्पनीय युद्धों को समाप्त कर दिया है। इसमें कंबोडिया और थाईलैंड, कोसोवो और सर्बिया, कांगो और रवांडा, पाकिस्तान और भारत, इजरायल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, आर्मेनिया और अजरबैजान भी शामिल हैं।'

7 महीनों में रुकवाए सभी युद्ध- ट्रंप

ट्रंप ने कहा, 'मैंने सात युद्ध समाप्त किए हैं किसी भी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और यहां तक कि किसी भी देश ने ऐसा कुछ भी नहीं किया। मैंने यह सिर्फ सात महीनों में कर दिखाया। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। मैं इसे करके बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।'

संयुक्त राष्ट्र ने नहीं की कोई मदद

इसके साथ ही ट्रंप ने कहा, 'यह बहुत बुरा है कि ये काम संयुक्त राष्ट्र के बजाय मुझे करने पड़े। दुख की बात है कि इन सभी मामलों में संयुक्त राष्ट्र ने इनमें से किसी में भी मदद करने की कोशिश तक नहीं की। मैंने सात युद्ध समाप्त किए, इन सभी देशों के नेताओं से बात की और मुझे संयुक्त राष्ट्र से एक भी फोन कॉल नहीं आया जिसमें समझौते को अंतिम रूप देने में मदद की पेशकश की गई हो।'

ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र पर भी खड़े किए सवाल

ट्रंप ने सवाल खड़े करते हुए कहा, 'संयुक्त राष्ट्र का उद्देश्य क्या है? संयुक्त राष्ट्र में इतनी जबरदस्त क्षमता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में यह उस क्षमता के आस-पास भी नहीं पहुंच पा रही है।'

 

जब खराब हुआ ट्रंप का टेलीप्रॉम्प्टर

यूएन में जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने बोलना शुरू किया तो उन्होंने कहा कि टेलीप्रॉम्प्टर काम नहीं कर रहा है। ट्रंप ने हंसते हुए कहा, 'मैं केवल इतना कह सकता हूं कि जो भी इस टेलीप्रॉम्प्टर को चला रहा है, वह बड़ी मुसीबत में है।'

पुराने कार्यकाल का किया जिक्र

यूएन में बोलते हुए ट्रंप ने 2017 से 2021 तक अपने पहले व्हाइट हाउस कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा, 'छह साल बीत चुके हैं जब मैंने आखिरी बार इस भव्य हॉल में खड़े होकर एक ऐसे विश्व को संबोधित किया था जो मेरे पहले कार्यकाल में समृद्ध और शांतिपूर्ण था।'

पिछले 4 सालों में कमजोरी, अराजकता और कट्टरवाद

ट्रंप ने कहा, 'उस दिन से युद्ध की बंदूकों ने दो महाद्वीपों में मेरे द्वारा स्थापित शांति को नष्ट कर दिया है। शांति और स्थिरता के युग ने हमारे समय के सबसे बड़े संकटों में से एक को जन्म दिया है। यहां अमेरिका में पिछले चार साल की सरकार के दौरान कमजोरी, अराजकता और कट्टरवाद ने हमारे देश को बार-बार आपदाओं की ओर धकेल दिया है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश