1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. सिडनी में यहूदियों पर हुए हमले को लेकर भड़के ट्रंप, बोले- 'कट्टर इस्लामी आतंक के खिलाफ दुनिया को आना होगा साथ'

सिडनी में यहूदियों पर हुए हमले को लेकर भड़के ट्रंप, बोले- 'कट्टर इस्लामी आतंक के खिलाफ दुनिया को आना होगा साथ'

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Dec 17, 2025 09:16 am IST,  Updated : Dec 17, 2025 09:28 am IST

सिडनी में हुए आतंकी हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी बात कही है। ट्रंप ने कहा है कि सभी देशों को कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद की बुरी ताकतों के खिलाफ एक साथ खड़ा होना होगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : AP

वॉशिंगटन: सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त टिप्पणी की है। यह घटना ऑस्ट्रेलिया में सबसे भीषण सामूहिक गोलीबारी में से एक थी जिसमें इस्लामी आतंकियों ने 15 लोगों को मार डाला था। ट्रंप ने यहूदी हनुक्का फेस्टिवल के मौके पर व्हाइट हाउस में यहूदी अमेरिकियों की मेजबानी करते हुए दुनिया के देशों से कट्टरपंथी इस्लाम के खिलाफ एक साथ आने की अपील की। इस दौरान ट्रंप ने यहूदी समुदाय का हमेशा समर्थन करने का संकल्प भी लिया। 

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मैं ऑस्ट्रेलिया के लोगों को प्यार और दुआएं भेजना चाहता हूं, खासकर उन लोगों को जो सिडनी में हनुक्का सेलिब्रेशन के दौरान हुए भयानक और यहूदी विरोधी आतंकवादी हमले से प्रभावित हुए हैं। सभी देशों को कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवाद की बुरी ताकतों के खिलाफ एक साथ खड़ा होना चाहिए।"

सिडनी के बॉन्डी बीच हुआ था हमला

सिडनी के बॉन्डी बीच हमला रविवार को उस वक्त हुआ था जब बड़ी संख्या में यहूदी लोग हनुक्का सेलिब्रेशन में शामिल हुए थे। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस ने भी इस घटना को यहूदी विरोधी आतंकवादी कृत्य बताया है। पुलिस ने बताया कि हमलावर इस्लामिक स्टेट से प्रेरित थे। गोलीबारी करने वालों में एक पिता और उसका बेटा शामिल थे।

यहूदी विरोध का नतीजा था हमला

ऑस्ट्रेलिया के सबसे लोकप्रिय समुद्र तटों में से एक पर हुआ यह हमला यहूदी विरोध को दर्शाता है। ऑस्ट्रेलिया में बीते एक साल से यहूदियों के खिलाफ लगातार विरोध की भावना देखने को मिल रही थी। हमले को लेकर न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर मैल लैन्योन ने बताया कि एक बंदूकधारी (50) को पुलिस ने गोली मार दी। दूसरा हमलावर, उसका 24 साल का बेटा घायल हो गया है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायलों का अस्पताल में चल रहा है इलाज

बता दें कि, सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों की उम्र 10 से 87 साल के बीच थी। हमले में घायव हुए कम से कम 42 अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा था, जिनमें से कई की हालत गंभीर है। इस हमले की पूरी दुनिया में निंदा हुई है। इजरायल ने इसे लेकर सख्त रुख दिखाया है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इजरायल दौरे के समय बॉन्डी बीच पर हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की है।

यह भी पढ़ें:

अमेरिका ने शुरू की घेराबंदी, ट्रंप ने वेनेज़ुएला में आने-जाने वाले तेल टैंकरों की नाकाबंदी का दिया आदेश

ट्रंप परिवार में नए सदस्य की एंट्री, जानें कौन हैं बेटिना एंडरसन जो बनने वाली हैं डोनाल्ड ट्रंप की बहू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश