1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. "पेट्रोल बेचने वालों को कीमतें कम करनी चाहिए", ट्रंप की सीधी चेतावनी, कहा- वही करें, जो सही है

"पेट्रोल बेचने वालों को कीमतें कम करनी चाहिए", ट्रंप की सीधी चेतावनी, कहा- वही करें, जो सही है

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 30, 2026 10:07 am IST,  Updated : Jun 30, 2026 10:24 am IST

ट्रंप ने कहा कि देश में पेट्रोल की कीमतें बहुत ज्यादा हैं, जबकि तेल की कीमत अब $68 प्रति बैरल है और नीचे जा रही है। उन्होंने कहा कि कीमतें मनमाने ढंग से नहीं बढ़ाई जा सकतीं, यह पूरी तरह से गैर-कानूनी है।

Donald trump- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप Image Source : PTI

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए देश के पेट्रोल विक्रेताओं को कीमतों में तुरंत कटौती करने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि कच्चे तेल की कीमतें गिरने के बावजूद जनता को इसका फायदा नहीं मिल रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, "पेट्रोल बेचने वालों को तुरंत अपनी कीमतें कम करनी चाहिए। कीमतें बहुत ज़्यादा हैं, जबकि तेल की कीमत अब $68 प्रति बैरल है और नीचे जा रही है। बेचने वालों को इस बात पर तुरंत ध्यान देना चाहिए और वही करना चाहिए जो सही है, हमारे महान अमेरिकी लोगों के लिए कीमतें कम करें!"

"कीमतें मनमाने ढंग से नहीं बढ़ाई जा सकतीं"

ट्रंप ने आगे कहा, "कीमतें मनमाने ढंग से नहीं बढ़ाई जा सकतीं, यह पूरी तरह से गैर-कानूनी है। अगर बेचने वाले ऐसा नहीं करते हैं, तो आगे बड़ी मुश्किलें आ सकती हैं। कीमत को $2.50 प्रति गैलन के आस-पास लाने की कोशिश करें और कैलिफ़ोर्निया को पेट्रोल पर इतने भारी टैक्स नहीं लगाने चाहिए। जल्द ही टैक्स की कीमत पेट्रोल की कीमत से भी ज़्यादा हो जाएगी और अमेरिका इसे बर्दाश्त नहीं करेगा, और न ही कैलिफ़ोर्निया के लोग इसे सहेंगे, जिन्हें इन बेतुके टैक्स और अपनी ही सरकार की वजह से परेशानी झेलनी पड़ रही है।"

अमेरिका-ईरान के बीच दोहा में होगी बातचीत

वहीं, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर मंगलवार को दोहा में ईरानी वार्ताकारों के साथ बातचीत करेंगे। यह वार्ता, दोनों पक्षों की ओर से बीते सप्ताहांत एक-दूसरे के खिलाफ हुई गोलाबारी के बाद होगी, जिससे उनके बीच हुआ युद्ध-विराम समझौता एक बार फिर सवालों के घेरा में आ गया है। ट्रंप ने सोमवार को 'ट्रथु सोशल' पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान ने बैठक का अनुरोध किया है, जो मंगलवार को दोहा में होगी। हालांकि, उन्होंने बैठक के एजेंडे के बारे में कोई विवरण नहीं दिया। 

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने समाचार चैनल 'फॉक्स न्यूज' को बताया कि विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर इस सप्ताह दोहा की यात्रा करेंगे, ताकि दोनों पक्षों की ओर से पिछले दिनों हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन पर चर्चा की जा सके। लेविट ने कहा, "जहां तक हमारा सवाल है, हम युद्धविराम का पालन कर रहे हैं। हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा।"

ये भी पढ़ें-

'कतर में अमेरिका से कोई बातचीत तय नहीं है', ईरान ने उड़ाईं ट्रंप के दावों की धज्जियां

'अमेरिका और ईरान के बीच आज दोहा में होगी बातचीत, तेहरान ने की बैठक की रिक्वेस्ट', ट्रंप ने खुद किया ये ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश