1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कैलिफोर्निया में मेयर बन गई थी चीन की जासूस! ड्रैगन की चाल से उड़े अमेरिका के होश

कैलिफोर्निया में मेयर बन गई थी चीन की जासूस! ड्रैगन की चाल से उड़े अमेरिका के होश

 Published : May 12, 2026 06:58 am IST,  Updated : May 12, 2026 06:58 am IST

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित आर्केडिया शहर की मेयर ईलीन वांग पर FBI ने चीन के लिए अवैध एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया है। जांच में सामने आया कि उन्होंने चीन समर्थक प्रोपेगैंडा फैलाने में मदद की। आरोप स्वीकार करने के बाद वांग ने मेयर और सिटी काउंसिल पद से इस्तीफा दे दिया।

Eileen Wang, China spy case, California mayor China agent, FBI investigation, Arcadia mayor scandal- India TV Hindi
कैलिफोर्निया स्थित आर्केडिया शहर की मेयर ईलीन वांग। Image Source : CITY OF ARCADIA OFFICIAL WEBSITE

कैलिफोर्निया/अमेरिका: अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने कैलिफोर्निया के आर्केडिया शहर की मेयर ईलीन वांग पर चीन के लिए अवैध एजेंट के तौर पर काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। संघीय अदालत में वांग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। FBI के मुताबिक, ईलीन वांग ने साल 2020 से 2022 के बीच चीन सरकार के अधिकारियों के निर्देश पर काम किया और अमेरिका में चीन के हितों को बढ़ावा देने की कोशिश की। वांग पर हुए इस खुलासे के बाद अमेरिकी प्रशासन के होश उड़े हुए हैं।

वांग ने अमेरिका में जमकर प्रॉपेगैंडा फैलाया

FBI के मुताबिक, ईलीन वांग और याओनिंग 'माइक' सन नाम के शख्स ने चीन की सरकार के इशारे पर अमेरिका में रह रहे कुछ लोगों के साथ मिलकर जमकर प्रॉपेगैंडा फैलाया। इसके लिए उन्होंने 'US News Center' नाम की वेबसाइट का इस्तेमाल किया, जिसे स्थानीय चीनी-अमेरिकी समुदाय के लिए एक 'न्यूज प्लेटफॉर्म' बताया जाता था। जांच एजेंसियों का कहना है कि इस वेबसाइट पर चीन समर्थक सामग्री चीन सरकार के निर्देश पर प्रकाशित की जाती थी।

खुद पर लगे आरोपों को वांग ने स्वीकार किया

58 साल की ईलीन वांग ने इस मामले में लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया है। इस अपराध में अधिकतम 10 साल तक की सजा हो सकती है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, वांग सोमवार दोपहर लॉस एंजिलिस स्थित अमेरिकी जिला अदालत में पेश होंगी और आने वाले हफ्तों में औपचारिक रूप से अपना गुनाह कबूल कर सकती हैं। बता दें कि ईलीन वांग नवंबर 2022 में आर्केडिया सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं। यह 5 सदस्यों वाली परिषद है, जिसमें बारी-बारी से मेयर चुना जाता है।

सिटी काउंसिल और मेयर पद से दिया इस्तीफा

चीन की एजेंट के तौर पर फंसने के बाद वांग ने आर्केडिया सिटी काउंसिल और मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है। न्याय विभाग ने अपने बयान में बताया कि जून 2021 में चीन के एक अधिकारी ने 'वीचैट' ऐप के जरिए वांग और अन्य लोगों को पहले से तैयार न्यूज आर्टिकल भेजे थे। इन लेखों को अमेरिका में प्रकाशित कराने की कोशिश की गई थी। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन आइजनबर्ग ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि चीन सरकार के इशारों पर काम करने वाली महिला सार्वजनिक पद पर पहुंच गई।

'अमेरिकी लोकतंत्र को कमजोर करते हैं ऐसे लोग'

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया के प्रथम सहायक अमेरिकी अटॉर्नी बिल इसायली ने कहा, 'जो लोग गुप्त रूप से विदेशी सरकारों के लिए काम करते हैं, वे अमेरिकी लोकतंत्र को कमजोर करते हैं। यह कार्रवाई चीन के प्रभाव और भ्रष्ट करने की कोशिशों के खिलाफ हमारी बड़ी सफलता है।' FBI के काउंटरइंटेलिजेंस और जासूसी विभाग के सहायक निदेशक रोमन रोजाव्स्की ने कहा कि यह मामला उन सभी लोगों के लिए साफ चेतावनी है जो विदेशी सरकारों के इशारे पर अमेरिका की लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश