1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. नहीं रहे ‘अर्थराइज’ तस्वीर खींचने वाले पूर्व अंतरिक्ष यात्री विलियम एंडर्स, विमान दुर्घटना में हुई मौत

नहीं रहे ‘अर्थराइज’ तस्वीर खींचने वाले पूर्व अंतरिक्ष यात्री विलियम एंडर्स, विमान दुर्घटना में हुई मौत

 Published : Jun 08, 2024 12:47 pm IST,  Updated : Jun 08, 2024 12:47 pm IST

दुनिया में पहली बार अर्थराइज की तस्वीर खींचने वाले पूर्व अंतरिक्ष यात्री विलयिम एंडर्स का निधन हो गया है। वह 90 वर्ष के थे। वाशिंगटन के एक विमान दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। उनके बेटे ने बताया कि दुर्घटना के वक्त वह खुद विमान चला रहे थे।

पूर्व अंतरिक्ष यात्री विलियम एंडर्स अपने साथियों के साथ (फाइल फोटो)- India TV Hindi
पूर्व अंतरिक्ष यात्री विलियम एंडर्स अपने साथियों के साथ (फाइल फोटो) Image Source : AP

सिएटल: सेवानिवृत्त मेजर जनरल एवं ‘अपोलो 8’ के पूर्व अंतरिक्ष यात्री विलियम एंडर्स की शुक्रवार को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई। वह 90 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि एंडर्स विमान को अकेले उड़ा रहे थे और वह अचानक वाशिंगटन के सैन जुआन द्वीप के पास पानी में गिर गया। इस दुर्घटना में एंडर्स की मौत हो गई। एंडर्स दुनिया के ऐसे अंतरिक्ष यात्री थे, जिन्होंने अर्थराइज की तस्वीर खींची थी। इसके बाद वह पूरी दुनिया में मशहूर हो गए थे। मगर विमान दुर्घटना में उनकी दर्दनाक मौत ने सबको झकझोर दिया है। 

एंडर्स के बेटे और वायुसेना में लेफ्टिनेंट कर्नल रहे ग्रेग एंडर्स ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से उनके निधन की पुष्टि की। विलियम एंडर्स ने 1968 में प्रतिष्ठित "अर्थराइज" तस्वीर खींची थी। ‘अर्थराइज’ पृथ्वी और चंद्रमा की सतह के एक हिस्से की तस्वीर है जो एंडर्स ने चंद्र की कक्षा से ली थी। उनके बेटे ग्रेग एंडर्स ने कहा, "परिवार बहुत दुखी है। वह कुशल विमान चालक थे और हमें उनकी बहुत याद आएगी।" विलियम एंडर्स ने कहा था कि यह फोटो (अर्थराइज) अंतरिक्ष कार्यक्रम में उनका सबसे महत्वपूर्ण योगदान है।

अर्थराइज की तस्वीर लेकर हुए थे दुनिया में मशहूर

विलियम एंडर्स ने अपनी एक अंतरिक्ष यात्रा के दौरान पृथ्वी और चंद्रमा की सतह के एक हिस्से की तस्वीर खींची थी, जिसे अर्थराइज कहा जाता है। एंडर्स द्वारा अंतरिक्ष से ली गई पृथ्वी की यह पहली रंगीन तस्वीर थी, जो आधुनिक इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण तस्वीरों में से एक है, क्योंकि इसने इस गृह (पृथ्वी) के प्रति मनुष्य के नजरिए को बदल दिया। इसके बाद वह पूरी दुनिया में अपनी इस ख्याति के लिए मशहूर हो गए। (एपी) 

यह भी पढ़ें

अमेरिका के 22 शहरों में मनाया जाएगा नरेन्द्र मोदी की रिकॉर्ड तीसरी बार जीत का जश्न, 9 जून को लेंगे शपथ


इजरायल और हमास को ब्लैकलिस्टेड करने जा रहा UN, बच्चों के साथ किए अपराध पर उठाया कदम
 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश