1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में भारी बर्फबारी और ठंड का कहर, 2 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द, माइनस से कई डिग्री नीचे गिरा पारा

अमेरिका में भारी बर्फबारी और ठंड का कहर, 2 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द, माइनस से कई डिग्री नीचे गिरा पारा

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 23, 2022 08:22 am IST,  Updated : Dec 23, 2022 08:22 am IST

अमेरिका इन दिनों भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शिकागो और डेनवर जैसे शहरों के साथ ही कई इलाकों में तापमान माइनस से कई डिग्री नीचे चला गया है। इस कारण 2 हजार से ज्यादा संख्या में फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। वहीं 7 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स का शेड्यूल बिगड़ गया।

अमेरिका में 2 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द- India TV Hindi
अमेरिका में 2 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द Image Source : FILE

अमेरिका में कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी की दोहरी मार ने आम जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। शिकागो, डेनवर सहित अमेरिका के कई शहरों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। कई इलाकों में तापमान माइनस से भी कई डिग्री नीचे गिर गया है। बर्फबारी और बारिश से उपजे खराब हालात के चलते 2 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स स्थगित करना पड़ी हैं।

क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले अमेरिका के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड देखने को मिल रही है। यहां बर्फबारी और बारिश के बीच हालात इतने खराब हो गए हैं कि करीब 2 हजार से ज्यादा उड़ानों को स्थगित करना पड़ा है। यही नहीं, बारिश, बर्फबारी और ठंडे तापमान के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका में फ्लाइट्स के अलावा सड़क और रेल यातायात भी बुरी तरह बाधित हुआ है। 

2270 से अधिक उड़ानें रद्द, 7400 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से गईं

मीडिया रिपोट्स के अनुसार एयरलाइंस ने गुरुवार शाम 6 बजे तक 2,270 से अधिक अमेरिकी उड़ानें रद्द कर दीं हैं। इतना ही नहीं, ट्रैकिंग साइट फ्लाइट अवेयर के मुताबिक शुक्रवार के लिए भी लगभग 1,000 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। गुरुवार को कई फ्लाइट्स के टेकआफ में भी देरी हुई। जानकारी के मुताबिक करीब 7,400 से ज्यादा उड़ानें देरी से गईं।

शिकागो, डेनवर जैसे शहरों में एक चौथाई उड़ानें रद्द

अमेरिका के कई इलाके भीषण बर्फबारी और ठंड की चपेट में हैं। इनमें  शिकागो और डेनवर सबसे आगे हैं। यहां के एयर ट्रैफिक की एक चौथाई फ्लाइट्स गुरुवार को रद्द कर दी गईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिकागो के ओ हरे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम तापमान माइनस 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डल्लास लव, डल्लास-फोर्ट वर्थ, डेनवर और मिनेपॉलिस एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स को सुरक्षित यात्रा के लिए डी-आइसिंग लिक्विड का छिड़काव करना पड़ता है।

यात्रा में देरी और उड़ान रद्द होने को लेकर दी जा रही चेतावनी

मौसम की खराबी के कारण अमेरिका की कई एयरलाइंस यात्रियों की सहूलियत का भी ध्यान रख रही हैं। ताकि अगर यात्री कम समय में ही अपने कार्यक्रम को बदलना चाहें तो उसे पेनाल्टी न देना पड़े। भीषण ठंड के बाद भी जिन यात्रियों की फ्लाइट्स चालू हैं, एयलाइंस उनसे समय के पहले ही एयरपोर्ट पहुंचने की अपील कर रही हैं। ग्रेहाउंड एयर ने अपने ग्राहकों को चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी किया कि अगले दो दिनों में मिडवेस्ट में यात्रा करने वालों की यात्रा में देरी होने के अलावा यात्रा पूरी तरह से रद्द भी हो सकती है।इंटरसिटी बस सेवा के सबसे बड़े सर्विस प्रोवाइडर ग्रेहाउंड ने वेस्ट वर्जीनिया से लेकर मिनेसोटा तक एक दर्जन से अधिक शहरों की सूची बनाई है, जो मौसम के खराब तेवर से प्रभावित हुए हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश