Indian Woman Detained At America Airport: भारतीय महिला उद्यमी के साथ अमेरिका के एक हवाई अड्डे पर बेहद बुरा बर्ताव हुआ है। यह बाद खुद महिला एंटरप्रेन्योर श्रुति चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की है। श्रुति ने कहा है कि उन्हें अमेरिका के एक हवाई अड्डे पर आठ घंटे तक हिरासत में रखा गया। महिला ने बताया कि एक पुरुष अधिकारी ने उनकी शारीरिक जांच भी की क्योंकि उनके बैग में एक पावर बैंक था, जिसे संदिग्ध माना गया।
छूट गई फ्लाइट
इंडिया एक्शन प्रोजेक्ट और चायपानी की संस्थापक चतुर्वेदी ने कहा कि उन्हें शौचालय का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी गई और उनकी फ्लाइट छूट गई। उनका मोबाइल फोन और पर्स भी उनसे छीन लिया गया। एक्स पोस्ट में, चतुर्वेदी ने अलास्का के एंकोरेज हवाई अड्डे पर अपने सबसे बुरे अनुभव के बारे में बताया, जहां उनके गर्म कपड़े उतार दिए गए, उन्हें एक ठंडे कमरे में इंतजार कराया गया, पुलिस और एफबीआई ने पूछताछ की, यहां तक कि उन्हें फोन कॉल करने से भी मना कर दिया गया। यह सब उनके हैंडबैग में एक पावर बैंक के कारण हुआ।
श्रुति चतुर्वेदी ने यह भी कहा
श्रुति चतुर्वेदी ने अपनी पोस्ट में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और विदेश मंत्रालय को टैग करते हुए कहा, "मुझे कल्पना करने की जरूरत नहीं है, पहले ही सबसे बुरे 7 घंटे बीत चुके हैं और हम सभी जानते हैं कि क्यों।" श्रुति का मामला इस बात को बताने के लिए काफी है कि राष्ट्रपति ट्रंप के प्रशासन और नीतिगत बदलावों के तहत अमेरिकी आव्रजन नीतियां किस तरह से सख्त होती जा रही हैं। इस तरह के माहौल ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के बीच आशंका को बढ़ावा दिया है।
यह भी पढ़ें:
विज्ञान या चमत्कार! फिर लौटे हजारों साल पहले धरती से खत्म हुए Dire Wolf