1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. इजरायली PM नेतन्याहू के बेटे की जान को खतरा! अमेरिका से कराया गया इवैक्यूएट

इजरायली PM नेतन्याहू के बेटे की जान को खतरा! अमेरिका से कराया गया इवैक्यूएट

 Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 31, 2026 11:15 am IST,  Updated : Aug 31, 2026 11:41 am IST

बेंजामिन नेतन्याहू के बड़े बेटे यायर नेतन्याहू को सुरक्षा खतरे के चलते अमेरिका से तत्काल बाहर निकाला गया। इजरायल की शिन बेट सुरक्षा एजेंसी ने यायर के खिलाफ "गंभीर खतरे" की पुष्टि की है।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनके बेटे यायर (बाएं)- India TV Hindi
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनके बेटे यायर (बाएं) Image Source : AP

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बड़े बेटे यायर नेतन्याहू को सुरक्षा खतरे के चलते अमेरिका से तत्काल बाहर निकाला गया है। इजरायल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी 'शिन बेट' ने रविवार को इसकी पुष्टि की। एजेंसी के मुताबिक, यायर नेतन्याहू के खिलाफ एक "गंभीर खतरा" सामने आया था, जिसके बाद उन्हें अमेरिका से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

नेतन्याहू ने ईरान पर लगाया था आरोप

शिन बेट ने अपने संक्षिप्त बयान में खतरे की प्रकृति या उससे जुड़ी अन्य जानकारी शेयर नहीं की। हालांकि, पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक इजरायली टीवी चैनल से बातचीत में दावा किया था कि ईरान ने उनके एक बेटे की हत्या की कोशिश की थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की।

24 अगस्त को इजरायली चैनल 14 को दिए फोन इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा था कि ईरान ने उनके एक बेटे को निशाना बनाया और उसे जान से मारने की कोशिश की। नेतन्याहू ने कहा, "कुछ अविश्वसनीय हुआ। ईरान ने मेरे एक बेटे को निशाना बनाया। ईरान ने मेरे एक बेटे को मारने की कोशिश की।"

नेतन्याहू के इस बयान के सार्वजनिक होने के कुछ ही समय बाद इजरायल के प्रमुख पत्रकार अमित सेगल ने अपने टेलीग्राम चैनल पर दावा किया था कि कथित हत्या की कोशिश के बारे में इजरायली अधिकारियों को कई महीनों से जानकारी थी, लेकिन इस मामले में गाग ऑर्डर (जानकारी सार्वजनिक करने पर प्रतिबंध) लागू था।

2023 से मियामी में रह रहे हैं यायर

नेतन्याहू के दो बेटे- यायर नेतन्याहू और अवनेर नेतन्याहू हैं। 35 वर्षीय यायर नेतन्याहू वर्ष 2023 में अमेरिका के मियामी चले गए थे। इसके बाद से वह ज्यादातर समय इजरायल से बाहर ही रहे। इस दौरान इजरायल गाजा, लेबनान और ईरान के साथ संघर्षों में उलझा रहा। यायर अक्सर अपने पिता के लिए अनौपचारिक सलाहकार के तौर पर काम करते रहे हैं, साथ ही सोशल मीडिया पर आलोचकों पर तीखे हमले करके विवादों में भी घिरे रहे हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक, यायर को अमेरिका में शिन बेट की सुरक्षा भी मिली हुई है। उनकी सुरक्षा पर होने वाले सरकारी खर्च को लेकर इजरायल में पहले भी विवाद रहा है। वहीं, नेतन्याहू के दूसरे बेटे अवनेर सार्वजनिक जीवन से काफी दूर रहते हैं और इजरायल में ही रहते हैं। नेतन्याहू की एक बेटी भी हैं- नोआ नेतन्याहू-रोथ। वह अपनी पहली पत्नी मिरियम वीजमैन से हुई संतान हैं और यरुशलम में अपने पति डैनियल रोथ और बच्चों के साथ एक निजी, अति-रूढ़िवादी (हारेदी) जीवन जीती हैं। (AP इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

अमेरिका ने ईरान के लारक द्वीप पर किया हमला, जवाब में जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरानी मिसाइल अटैक

अमेरिका-ईरान आमने-सामने! मुज्तबा खामेनेई ने मुस्लिम देशों से मांगा साथ, कहा- "असली दुश्मन को पहचानो"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश