1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. जो बाइडन बड़ी जंग को तैयार, अब रूस से लड़ेंगे अमेरिका के ये हथियार

जो बाइडन बड़ी जंग को तैयार, अब रूस से लड़ेंगे अमेरिका के ये हथियार

 Published : Jan 07, 2023 03:49 pm IST,  Updated : Jan 08, 2023 06:43 am IST

America on Russia-Ukraine war: यूक्रेन युद्ध में रूस के खतरनाक तेवर को देखते हुए अमेरिका ने भी लंगोट कस ली है। हालांकि दुनिया जानती है कि रूस से अभी तक यूक्रेन सिर्फ इसलिए युद्ध लड़ पा रहा है कि उसके पीछे अमेरिका खड़ा है। अमेरिका और नाटो के दिए हथियारों से यूक्रेन ने कई बार रूस के हौसले भी तोड़े।

जो बाइडन, अमेरिकी राष्ट्रपति (फाइल)- India TV Hindi
जो बाइडन, अमेरिकी राष्ट्रपति (फाइल) Image Source : PTI

America on Russia-Ukraine war: यूक्रेन युद्ध में रूस के खतरनाक तेवर को देखते हुए अमेरिका ने भी लंगोट कस ली है। हालांकि दुनिया जानती है कि रूस से अभी तक यूक्रेन सिर्फ इसलिए युद्ध लड़ पा रहा है कि उसके पीछे अमेरिका खड़ा है। अमेरिका और नाटो के दिए हथियारों से यूक्रेन ने कई बार रूस के हौसले भी तोड़े। मगर पुतिन की जिद यूक्रेन की हार देखने तक युद्ध जारी रखने की है। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर कई बड़े और भीषण हमले किए हैं। लिहाजा जेलेंस्की की सेना पस्त पड़ती जा रही है। हालात को देखते हुए अब अमेरिका यूक्रेन की अतिरिक्त मदद करने का फैसला किया है। अब अमेरिकी हथियार सीधे रूस को चुनौती देंगे।

रूस के हौसले को तोड़ने के लिए अमेरिका ने यूक्रेन के लिए तीन अरब डॉलर के अतिरिक्त सैन्य सहायता पैकेज की घोषणा की है। अमेरिका ने रूस की आक्रामकता के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिए यूक्रेन को 3.75 अरब डॉलर से अधिक की अतिरिक्त सैन्य सहायता देने जा रहा है। इसके बाद यूक्रेन के लिए कुल अमेरिकी सैन्य सहायता बढ़कर 24.9 अरब डॉलर की हो गई है। हालिया सहायता में पहली बार यूक्रेनी सेना के लिए 50 एम2-ए2 ब्रैडली बख्तरबंद वाहन शामिल किए जाएंगे। अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन ने कहा कि अत्याधुनिक साजो-सामान से लैस ये बख्तरबंद वाहन एक इन्फैंट्री बटालियन के लिए पर्याप्त हैं। पिछले साल 24 फरवरी को रूस ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया था।

अमेरिका ने अब तक यूक्रेन को दी ये मदद

अमेरिका के विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकन ने शुक्रवार को कहाकि वर्ष 2023 के पहले सप्ताह में अमेरिका यूक्रेन और अपने यूरोपीय सहयोगियों एवं भागीदारों के साथ खड़े होने के अपने विचार पर दृढ़ता से डटा रहा और 3.75 अरब की नयी सैन्य सहायता की घोषणा की। इस सहायता में रक्षा विभाग की प्रतिभूतियों से यूक्रेन को तुरंत प्रदान की जाने वाली 2.85 अरब अमेरिकी डॉलर की निकासी और दीर्घकालिक क्षमता निर्माण शामिल है। साथ ही यूक्रेन की सेना के आधुनिकीकरण का समर्थन करने के लिए विदेशी सैन्य वित्तपोषण में 22.5 करोड़ डॉलर की मदद भी है। इसमें यूरोपीय भागीदारों और सहयोगियों के लिए विदेशी सैन्य वित्तपोषण में 68.2 करोड़ डॉलर दिया गया है। इससे यूक्रेन को सैन्य उपकरणों की प्रदायगी को प्रोत्साहित करने और उनकी भरपाई में मदद मिलेगी।

यूक्रेन को ये महत्वपूर्ण हथियार देगा अमेरिका
अमेरिका की इस अतिरिक्त मदद से एक बार फिर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का हौसला बढ़ा है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केरिन जीन पियरे ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘‘आज यूक्रेन के लिए अमेरिका की ओर से तीन अरब डॉलर से अधिक की नयी सैन्य सहायता की घोषणा  कीव की रक्षा के लिए अमेरिकी प्रतिबद्धता को फिर से प्रदर्शित करेगी, जिसमें यूक्रेन के लिए 2.8 अरब डॉलर की राशि भी शामिल है, जो अब तक की सबसे बड़ी सहायता राशि है। नयी सैन्य सहायता में अत्याधुनिक 100 एम-113 बख्तरबंद वाहन और 50 बारूदी सुरंग रोधी आधुनिक वाहन भी शामिल हैं। पेंटागन ने कहा कि अमेरिका इसके अलावा 138 हमवीज भी प्रदान करेगा। यह रूस के खिलाफ लड़ाई में यूक्रेन के लिए सहायक सिद्ध होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश