NASA Artemis II Moon Mission: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के आर्टेमिस-2 मिशन ने इतिहास रच दिया है। आर्टेमिस-2 के अंतरिक्ष यात्री सोमवार रात चंद्रमा के पिछले हिस्से से निकलकर पृथ्वी की ओर रवाना हो गए। अपने इस मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा के उस हिस्से को देखा जिसे पहले कभी इतने करीब से नहीं देखा गया था। आर्टेमिस II मिशन ने मानव इतिहास में चंद्रमा के आसपास सबसे ज्यादा दूरी तय करने का नया रिकॉर्ड भी बनाया है। करीब 7 घंटे का यह सफर इस मिशन का सबसे अहम और खास हिस्सा रहा।
आर्टेमिस II मिशन ने तोड़ा रिकॉर्ड
आर्टेमिस II मिशन का लक्ष्य अगले 2 साल में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास मनुष्यों को भेजना है। इतना ही नहीं आर्टेमिस II ने अपने इस मिशन के जरिए अपोलो 13 का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल 1970 में अपोलो 13 मिशन में 4,00,171 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी, जिसे आर्टेमिस II मिशन के तहत पार कर लिया गया है। अपोलो अंतरिक्ष कार्यक्रम के बाद पहली बार नासा ने आर्टेमिस II मिशन के जरिए मनुष्यों को चंद्रमा के पास भेजा है।
कनाडाई अंतरिक्ष यात्री ने क्या कहा?
आर्टेमिस II मिशन में 3 अमेरिकी और एक कनाडाई अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। मिशन के दौरान कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन ने कहा, "बिना कोई उपकरण लगाए आंखों से चंद्रमा में जो दिख रहा है वह रोमांचित करने वाला है। यह अविश्वसनीय है।" उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी को इस रिकॉर्ड को जल्द तोड़ना चाहिए।
मिशन के भावुक पल
रिकॉर्ड तोड़ने के तुरंत बाद अंतरिक्ष यात्रियों ने चंद्रमा पर 2 नए गड्ढों (क्रेटर) के नामकरण की अनुमति मांगी। उन्होंने एक क्रेटर का नाम अपने कैप्सूल के सम्मान में ‘इंटेग्रिटी’ और दूसरे का नाम अपने कमांडर रीड वाइजमैन की पत्नी ‘कैरल’ के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया, जिनका वर्ष 2020 में कैंसर से निधन हो गया था। इस दौरान कमांडर वाइजमैन भावुक हो गए और सभी अंतरिक्ष यात्रियों ने एक-दूसरे को गले लगाया। इसके थोड़ी देर बाद वाइजमैन ने कहा कि यहां से नजारा सचमुच अद्भुत है।

एक ही तस्वीर में चंद्रमा और पृथ्वी
आर्टेमिस II मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों ने बताया कि उन्होंने एक ही फ्रेम में चंद्रमा और पृथ्वी दोनों को कैद किया है। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से ह्यूस्टन के वैज्ञानिकों को यात्रा के दौरान लगातार जानकारी और अपडेट्स दिया गया। मिशन पायलट विक्टर ग्लोवर ने कहा कि चंद्रमा की कुछ पहाड़ियां इतनी चमकदार दिख रही थीं, मानो उन पर बर्फ की परत जमी हुई हो। उन्होंने बताया कि यह नजारा वाकई बेहद खूबसूरत और शानदार था।
यह भी पढ़ें:
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई बेहोश? फैसले लेने में शामिल नहीं; जानें कहां चल रहा है इलाज