1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ह्वाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति से मिले न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी, ट्रंप ने कहा-"तुम मुझे अब भी कह सकते हो फासीवादी"

ह्वाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति से मिले न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी, ट्रंप ने कहा-"तुम मुझे अब भी कह सकते हो फासीवादी"

 Published : Nov 22, 2025 03:32 pm IST,  Updated : Nov 22, 2025 03:32 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ह्वाइट हाउस में शुक्रवार को न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से मुलाकात की। इस दौरान ममदानी से एक पत्रकार ने सवाल पूछा कि क्या आप अभी भी ट्रंप को फासीवादी कहने के अपने बयान पर कायम हैं?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलते न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी। - India TV Hindi
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलते न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी। Image Source : AP

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी के बीच शुक्रवार को व्हाइट हाउस में हुई पहली आमने-सामने की मुलाकात हुई। दोनों नेता एक दूसरे के कट्टर प्रतिद्वंद्वी हैं। ऐसे में ह्वाइट हाउस में ममदानी और ट्रंप के बीच हुई इस बैठक ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी। इस दौरान एक पल ऐसा आया, जब ट्रंप ने ममदानी को कहा कि आप अब भी मुझे फासीवादी कह सकते हो। आइये आपको इस मुलाकात के हर पल से अपडेट कराते हैं।

 

चुनावी अभियान में ट्रंप और ममदानी ने एक दूसरे पर किया था तीखा हमला

चुनावी अभियान के दौरान जोहरान ममदानी और डोनाल्ड ट्रंप ने एक-दूसरे पर तीखे हमले किए थे। ट्रंप ने ममदानी को 'कम्युनिस्ट लुनैटिक', 'जिहादी' और 'यहूदी-विरोधी' कहा था, जबकि ममदानी ने ट्रंप को 'डेस्पॉट' और 'फासीवादी' करार दिया था। मगर ओवल ऑफिस में यह दुश्मनी तब एक हंसी-मजाक में बदल गई, जब ट्रंप ने ममदानी को 'फासीवादी' कहने की खुली छूट दे दी।

ट्रंप ने क्यों दी ममदानी को फासीवादी कहने की छूट

ह्वाइट हाउस में ट्रंप और ममदानी के बीच हुई बैठक के दौरान फॉक्स न्यूज की पत्रकार जैकी हेनरिक ने ममदानी से एक सख्त सवाल पूछा और कहा, "क्या आप अभी भी मानते हैं कि ट्रंप फासीवादी हैं?" इस सवाल का ट्रंप के सामने जवाब देते समय ममदानी हिचकिचाने लगे। जब ममदानी ने जवाब देना शुरू किया, "मैंने इस पर पहले भी बोला है...." लेकिन ममदानी के इस वाक्य के बीच में ही ट्रंप ने उनको बीच में टोकते और मुस्कुराते कहा, "कोई बात नहीं, आप बस हां कह दो... इसे समझाने से आसान है कि मुझे आप अब भी फासीवादी कह सकते हो। मुझे आपत्ति नहीं है।" ट्रंप ने यह कहकर ममदानी की बांह पर थपकी भी दी, जिससे ममदानी भी मुस्कुरा उठे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जहां लाखों यूजर्स ने इसे 'ट्रंप का ह्यूमर' और 'राजनीतिक सौहार्द' का प्रतीक बताया।

 

ट्रंप ने ममदानी के साथ बैठक को बताया आश्चर्यजनक

ट्रंप ने ममदानी के साथ हुई इस बैठक को 'सरप्राइजिंग' करार दिया। उन्होंने कहा, "हम समझते हैं कि ज्यादा मुद्दों पर सहमति बन पाई। ममदानी कुछ कंजर्वेटिव लोगों को चौंका देंगे।" ममदानी ने भी सहयोग की इच्छा जताई, "हमारी बैठक असहमतियों पर नहीं, बल्कि न्यूयॉर्कवासियों की सेवा पर केंद्रित रही।" चर्चा का मुख्य फोकस आवास और जीवनयापन की बढ़ती लागत पर था। यह मुलाकात राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। ट्रंप ने रिपब्लिकन नेता एलिस स्टेफैनिक के 'जिहादी' वाले बयान को खारिज कर दिया और कहा, "वह तर्कसंगत व्यक्ति हैं।"

 

डेमोक्रेट्स ने ली चुटकी

डेमोक्रेट्स ने ट्रंप और ममदानी के बीच हुई इस मुलाकात पर चुटकी लीहै। कांग्रेस वुमन रशीदा त्लैब ने एक्स पर लिखा, "क्या हो गया? ममदानी ने ट्रंप को चॉर्म से फासीवादी मानने पर राजी कर लिया।" वाइस प्रेसिडेंट जेडी वांस ने इसे 'ऑल-टाइमर' मोमेंट कहा। विश्लेषकों का मानना है कि यह सौहार्द ट्रंप की 'विनर' वाली छवि और ममदानी की प्रगतिशील राजनीति का मेल है। हालांकि, जनवरी में ममदानी के शपथग्रहण के बाद यह साझेदारी कितनी टिकेगी, यह समय बताएगा। न्यूयॉर्क की अफोर्डेबिलिटी चुनौतियां दोनों के लिए परीक्षा होंगी। ट्रंप का यह हल्का अंदाज अमेरिकी राजनीति में नया अध्याय लिख रहा है, जहां मतभेद हंसी से सुलझ सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश