न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क में दिलचस्प घटना हुई है। यहां बीच रास्ते पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की गाड़ी को पुलिस ने रोक दिया। गाड़ी रोकी गई तो फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ही फोन कर दिया। न्यूयॉर्क में 80वें संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) का आयोजन हो रहा है। इस आयोजन में लगभग 200 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, सरकार प्रमुख, मंत्री और हजारों डिप्लोमैट्स शामिल हो रहे हैं। इस बीच सुरक्षा को लेकर की गई व्यवस्था के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ ऐसा वाकया हुआ है।
मैक्रों ने ट्रंप को कर दिया फोन, देखें VIDEO
दरअलस, पूरा मामला कुछ ऐसा है कि डोनाल्ड ट्रंप के काफिले को सड़क से गुजरना था। ट्रंप के काफिले की वजह से न्यूयॉर्क की एक सड़क को बंद कर दिया गया था। इसी वजह से फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के वाहन को रोक दिया गया। थोड़ी देर इंतजार करने के बाद मैक्रों खुद गाड़ी से उतरे और ट्रंप को फोन करके पूरी बता बताई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हंसी मजाक वाली बातचीत हुई। हालांकि, थोड़ी देर बाद सड़क खुल गई और इमैनुएल मैक्रों अपने रास्ते की ओर बढ़ गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
कब हुआ वाकया?
यह वाकया संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में मैक्रों के भाषण के तुरंत बाद हुआ, जिसमें उन्होंने औपचारिक रूप से फलस्तीन राज्य को मान्यता देने की घोषणा की थी। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से फ्रांसीसी दूतावास की ओर जाते समय मैक्रों की कार को न्यूयॉर्क पुलिस ने रोका था। पुलिस राष्ट्रपति ट्रंप के काफिले के लिए सड़कों को सुरक्षित कर रही थी।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में क्या बोले मैक्रों?
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि फ्रांस फलस्तीन को मान्यता देता है। उन्होंने कहा कि हमें शांति का रास्ता बनाना होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में शांति प्रक्रिया को पुनर्जीवित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की बैठक में फ्रांस ने फलस्तीन राष्ट्र को मान्यता दी है।
यह भी पढ़ें:
हमास के आतंकियों का घिनौना चेहरा हुआ बेनकाब, 3 फलस्तीनियों को सरेआम उतारा मौत के घाट
डोनाल्ड नहीं अब 'डॉ ट्रंप' कहिए जनाब! साहब ने प्रेग्नेंसी में पेरासिटामोल को बता दिया खतरनाक