वॉशिंगटन: अमेरिका में पाकिस्तानी मूल के डॉक्टर ने अपने ही मुल्क को शर्मसार कर दिया है। डॉक्टर का नाम हसन शरजील खान है। शरजील ने नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण किया है। मामला सामने आने के बाद अब अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने उसकी अमेरिकी नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह मामला 2007-2008 में तब शुरू हुआ था जब खान ने एक 11 वर्षीय लड़की से ऑनलाइन गेमिंग चैट रूम के जरिए संपर्क स्थापित किया था।
पाकिस्तानी डॉक्टर के बारे में जानें
डॉक्टर खान का जन्म पाकिस्तान में हुआ था और वह लॉन्ग आइलैंड (न्यूयॉर्क) में मेडिकल डॉक्टर के रूप में कार्यरत था। खान ने वर्षों तक इस नाबालिग के साथ ऑनलाइन संपर्क बनाए रखा। अभियोजन पक्ष के अनुसार उसने लड़की पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने का दबाव डाला साथ ही लाइव वीडियो पर यौन क्रियाओं में भाग लेने के लिए मजबूर किया। यह शोषण लगभग 2013 तक जारी रहा।
पाकिस्तानी डॉक्टर को मिली सजा
हसन शरजील खान ने 2012 में अमेरिकी नागरिकता के लिए आवेदन किया था लेकिन आवेदन से ठीक चार महीने पहले अप्रैल 2012 में वह न्यूयॉर्क से लंदन गया और वहां 15 वर्षीय हो चुकी उस लड़की के साथ यौन संबंध बनाए। 2015 में गिरफ्तारी के बाद 2016 में खान ने अदालत में दोष स्वीकार कर लिया। उसे नाबालिग के यौन शोषण और प्रलोभन के आरोप में 17 वर्ष की सजा सुनाई गई है। अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, खान ने जानबूझकर लड़की की नाबालिग स्थिति को जानते हुए उसके साथ शोषण किया। यह क्लासिक ग्रूमिंग का मामला था, जिसमें अपराधी लंबे समय तक शिकार को भावनात्मक रूप से बांधकर शोषण करता है।
पाकिस्तानी डॉक्टर की रद्द होगी नागरिकता
अब अप्रैल 2026 में DOJ ने न्यूयॉर्क में सिविल केस दायर कर खान की नागरिकता रद्द करने की मांग की है। इसके पीछे वजह यह बताई गई है कि 2012 में नागरिकता प्राप्त करते समय उसने अपने आपराधिक आचरण को छिपाया। न्याय विभाग के अनुसार यह नागरिकता धोखे से प्राप्त की गई थी। खान फिलहाल जेल में है और उसकी उम्र अब 38 वर्ष है। यह मामला अमेरिका में विदेशी मूल के अपराधियों की नागरिकता रद्द करने की व्यापक मुहिम का हिस्सा है।
बच्चों की सुरक्षा पर छिड़ी बहस
डॉक्टर जैसे सम्मानित पेशे से जुड़े शख्स द्वारा ऐसा करना विश्वासघात करने जैसा है। पीड़िता ने वर्षों बाद इस शोषण का खुलासा किया, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। इस घटना ने ऑनलाइन सुरक्षा, बच्चों की डिजिटल सुरक्षा और इंटरनेट पर अजनबियों से संपर्क के जोखिमों पर फिर से बहस छेड़ दी है।
यह भी पढ़ें:
ईरान जंग की वजह से पाकिस्तान की हालत पतली! PM शरीफ ने खुद कहा- 'झेलना पड़ रहा है आर्थिक नुकसान'अमेरिका ने भारत को लौटाईं 650 से अधिक प्राचीन वस्तुएं, खास हैं गणेश और बुद्ध की प्रतिमाएं